राज्य

हरियाणा सरकार का बुजुर्गों के लिए बड़ा तोहफा

अस्पतालों में अलग कतार, हर तीसरे शुक्रवार जांच शिविर

A Big Gift for Elderly People : हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य की देखभाल के उद्देश्य से बड़ा फैसला किया। अब सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले बुजुर्गों को अब सामान्य मरीजों की कतार में घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। हरियाणा के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पंजीकरण, ओपीडी, लैब और दवा वितरण काउंटरों पर अलग कतार की व्यवस्था की गई है।

इसके साथ ही अस्पतालों में जेरियाट्रिक क्लिनिक चल रहे हैं, जहां बुजुर्गों को अस्पताल परिचारक की मदद भी उपलब्ध कराई जा रही है। वरिष्ठ नागरिकों का सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक जेरियाट्रिक मूल्यांकन किया जा रहा है।

यह व्यवस्था ऐसे समय में सामने आई है जब सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को अस्पताल तक सीमित रखने के बजाय नियमित जांच और घर बैठे चिकित्सकीय सलाह से जोड़ने पर भी जोर दे रही है। प्रदेश भर में हर तीसरे शुक्रवार को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच के साथ नि:शुल्क दवाएं भी दी जाती हैं।

जांच से फिजियोथेरेपी तक अलग व्यवस्था

जिला नागरिक अस्पतालों में फिजियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध है। यानी उम्र बढ़ने के साथ होने वाली शारीरिक दिक्कतों के इलाज और नियमित निगरानी के लिए बुजुर्गों को अलग से सुविधा मिल रही है। जिन वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पताल पहुंचना मुश्किल है, उनके लिए ई-संजीवनी और टेलीमेडिसिन के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे नियमित सलाह या फॉलोअप के लिए हर बार अस्पताल आने की जरूरत कम हो सकती है।

बुजुर्गों की देखभाल में परिवार की भूमिका भी अहम

स्वास्थ्य विभाग की पहल केवल इलाज तक सीमित नहीं है। वरिष्ठ नागरिकों को संतुलित और पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने और नियमित हल्की शारीरिक गतिविधि करने की सलाह दी जा रही है। तंबाकू, धूम्रपान और शराब से दूरी तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने पर भी जोर है। परिवारों से भी बुजुर्गों को रोजमर्रा की जिंदगी से अलग-थलग न करने की अपील की गई है। उनके साथ समय बिताने, सलाह लेने, उन्हें नई गतिविधियों से जोड़ने और परिवार की परंपराओं व इतिहास पर बातचीत करने को उनकी सामाजिक और मानसिक सक्रियता के लिए महत्वपूर्ण माना गया है।

क्या बोली स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधा का मतलब केवल इलाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें अस्पताल में सम्मान और सहूलियत के साथ सेवा देना भी है। इसी सोच के तहत अलग कतार, जेरियाट्रिक क्लिनिक, नियमित जांच शिविर, फिजियोथेरेपी और टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि उम्रदराज लोगों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और वे गरिमा के साथ स्वस्थ जीवन जी सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button