रामपाल का सभी धर्म गुरुओं को खुला चैलेंज, मेरे ज्ञान को झूठा साबित करो 50 लाख रुपए इनाम

Sant Rampal : सतलोक आश्रम के संचालक संत रामपाल ने वेद और गीता के आधार पर अपने ज्ञान को गलत साबित करने वाले धर्मगुरुओं को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की चुनौती दी है। उन्होंने यह चेतावनी ऐसे समय में दी है जब उनके खिलाफ गीतों के माध्यम से मासूम शर्मा ने अभियान छेड़ा है और उसके बाद कई जगह उनका विरोध भी देखने को मिला है।
शास्त्रों की व्याख्या और धार्मिक परंपराओं को लेकर संत रामपाल के विचारों पर पहले भी सार्वजनिक बहस होती रही है। अगस्त 2026 में कैथल में वेद प्रचार मंडल और आर्य समाज से जुड़े पदाधिकारियों ने उनके विचारों के विरोध में महासम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की थी।
ऐसे में 50 लाख रुपये की चुनौती के साथ प्रस्तावित शास्त्रार्थ का ऐलान धार्मिक और सामाजिक विमर्श में चर्चा का विषय बना है।
रामपाल का कहना है कि इस डिबेट का कोई जज नहीं होगा। देश की आम जनता ही निष्पक्ष जज की भूमिका निभाएगी। जनता टीवी देखकर अपने विवेक से फैसला करेगी कि कौन सा गुरु शास्त्रों के अनुसार सही ज्ञान दे रहा है। रामपाल ने चुनौती के लिए नियम और दायरा भी तय कर दिया है।
रामपाल का कहना है कि चर्चा किसी मनघड़ंत कहानियों पर नहीं, बल्कि सनातन धर्म के मूल प्रमाणिक ग्रंथों पर होगी। डिबेट चारों वेद, 18 पुराण, श्रीमद्भगवद्गीता, वाल्मीकि रामायण, श्रीरामचरितमानस, महाभारत और श्रीमद्भागवत सुधा सागर के आधार पर होगी।
सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल द्वारा देश-दुनिया के तमाम बड़े हिंदू धर्मगुरुओं, मठाधीशों और आचार्यों को खुला चैलेंज देते हुए उन्होंने धर्मगुरुओं को टीवी पर लाइव डिबेट की सीधी चुनौती दी है। यह डिबेट 3 और 4 अक्टूबर को प्रसारित की जाएगी। रामपाल का कहना है कि यदि उसका ज्ञान सर्वोत्तम और शास्त्र सम्मत सिद्ध होता है, तो उसे बदले में कोई इनाम या दक्षिणा नहीं चाहिए।
बता दें कि हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के गाने तत्वदर्शी के बाद रामपाल का विरोध शुरू हो गया है। जगह-जगह उसके पोस्टर फाड़े गए और जलाए, इन सब कंट्रोवर्सी के बीच रामपाल ने यह चैलेंज दिया है।
रामपाल ने कहा कि यह डिबेट 3 और 4 अक्टूबर को शाम को होगी। तारीख फिक्स है और ओपन चैलेंज है। इसके लिए साधना चैनल बुक कर दिया है। यदि कोई चैनल बुक नहीं कर सकता तो वह यू-ट्यूब और इंस्टाग्राम के जरिए अपनी बात रख सकता है। खास बात यह है कि जब तक यह डिबेट पूरी नहीं होगी, अगले हर शनिवार और रविवार को इसी तरह चलती रहेगी। रामपाल के इस न्योते को अभी तक किसी ने असेप्ट नहीं किया है और ना ही कोई प्रतिक्रिया सामने आई है।
रामपाल के सोशल मीडिया पेज स्प्रीच्युअल लीडर संत रामपाल पर यह वीडियो क्लिप डाला। वीडियो में रामपाल ने हिंदू धर्मगुरुओं पर निशाना साधा है। इसमें रामपाल कहता है कि धर्मगुरु लोगों को आज भी मूर्ख बना रहे हैं और ढोंग रच रहे हैं। बैकग्राउंड में प्रेमानंद महाराज, धीरेंद्र शास्त्री, श्रीश्री रविशंकर, देवकीनंदन ठाकुर, चित्रलेखा, श्रीश्री रविशंकर सहित धर्मगुरुओं के चित्र लगाए गए हैं, जहां वो इशारा करते हुए ये सब बातें कहता है।
