चंडीगढ़ IED केस में बड़ा खुलासा, पाकिस्तान बैठे हैंडलर से जुड़े आरोपियों के तार

चंडीगढ़ में IED और हथियार बरामदगी मामले की जांच में पुलिस को बड़ा सुराग मिलने का दावा किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी पाकिस्तान में मौजूद कथित खालिस्तानी आतंकी सतनाम सत्ता नौशेरा के संपर्क में थे और उसके निर्देश पर काम कर रहे थे। हालांकि, इन दावों की जांच अभी जारी है।
तीनों आरोपी पंजाब के रहने वाले
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीन आरोपियों में दो तरनतारन और एक अमृतसर का रहने वाला है। इनके पास से करीब पांच किलो जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर, पावर सोर्स, तार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए जाने की बात सामने आई है। हथियार और कारतूस मिलने का भी दावा किया गया है।
पाकिस्तान से निर्देश मिलने का दावा
शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपियों को पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर्स से निर्देश मिल रहे थे। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोटक और हथियार कहां से हासिल किए गए और आरोपियों का नेटवर्क कितना बड़ा है।

सूत्रों ने इस पूरे मामले में प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल की संभावित भूमिका की भी आशंका जताई है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
सेक्टर-43 बस अड्डे के पीछे क्यों छिपाई गई IED?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर IED को सेक्टर-43 बस अड्डे के पीछे छिपाया गया था, तो क्या इसे वहीं इस्तेमाल करने की योजना थी? शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि बस अड्डा संभावित टारगेट नहीं था। अब एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विस्फोटक वहां क्यों रखा गया था और कथित साजिश का वास्तविक निशाना क्या था।
तफ्तीश में सामने आएगा पूरा नेटवर्क
चंडीगढ़ पुलिस ने रविवार को सेक्टर-43 अंतरराज्यीय बस अड्डे के पीछे से IED और अन्य संदिग्ध सामान बरामद करने के बाद तीन लोगों को हिरासत में लिया था। इसके बाद सेक्टर-36 थाने में FIR दर्ज की गई। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ के जरिए उनके संपर्कों, हथियारों के स्रोत और संभावित टारगेट की जानकारी जुटाई जा रही है।
मामला गंभीर होने के कारण जांच एजेंसियां हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं। अब सबसे महत्वपूर्ण यह होगा कि पूछताछ और तकनीकी जांच में पाकिस्तान स्थित कथित हैंडलर, विस्फोटक की सप्लाई और संभावित आतंकी साजिश को लेकर क्या ठोस सबूत सामने आते हैं।
