देशराजनीति

अखिलेश यादव पर CM योगी का हमला, उत्तराखंड की बेटी को लेकर दिया बड़ा बयान

Uttarakhand News(india365news):   उत्तराखंड महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के घुसपैठिए वाले बयान पर जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताना गलत सोच को दिखाता है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए यहां तक कह दिया कि अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं होती तो वह आज सैफई में भैंस चरा रहे होते। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने अखिलेश यादव के उस बयान का जिक्र किया जिसमें उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहा गया था। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से ही थे। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों के बारे में इस तरह की बात कहना ठीक नहीं है।

योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में उत्तराखंड से निकलने वाली नदियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मां गंगा उत्तराखंड से आती हैं। यमुना और सरयू मैया का भी इस धरती से गहरा जुड़ाव है। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों के प्रति इतनी छोटी सोच रखना समझ से बाहर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का उत्तर प्रदेश से पुराना रिश्ता रहा है और दोनों राज्यों के लोगों के बीच अपनापन है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि एक तरफ कुछ लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों के साथ खड़े दिखाई देते हैं और दूसरी तरफ देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ बयान देते हैं। उन्होंने ऐसे रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों के प्रति इस तरह की बातें करना सही नहीं है।

उत्तराखंड महोत्सव के मंच से योगी का यह बयान सीधे तौर पर अखिलेश यादव पर राजनीतिक हमला माना जा रहा है। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने अपने जवाब में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पुराने रिश्तों का भी जिक्र किया। अब देखना होगा कि योगी के इस बयान पर समाजवादी पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button