
जबलपुर के बरगी जलाशय में हुए क्रूज हादसे के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस दर्दनाक घटना में जिन लोगों की लापरवाही सामने आई है, उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
कई कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त और निलंबन
मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर इंचार्ज (एफओए) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। इसके अलावा होटल मैकएल रिसॉर्ट एंड बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कर्तव्य में गंभीर लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ अधिकारी भी जांच के दायरे में
इस हादसे को लेकर केवल मैदानी स्तर पर ही नहीं बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक संजय मल्होत्रा को मुख्यालय से अटैच कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। सरकार का कहना है कि पूरी घटना की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर किस स्तर पर चूक हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को कैसे रोका जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक और दी सहायता का आश्वासन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत दुखद घटना है और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
