नूंह जिले में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, दो घायल

Police Encounter : नूंह जिले में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ में दो गौ-तस्कर घायल हो गए जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने घायल हुए गौ तस्करों को नल्हड़ स्थित पीजीआई में दाखिल करवाया है।
पुलिस के अनुसार फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ की टीम ने नूंह सदर थाना क्षेत्र घासेड़ा मोड़ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गौ तस्करों को पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में काबू किया है। घायल तस्करों को नलहड़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ टीम सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में बीती रात करीब 3 बजे क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि दो सक्रिय गौ तस्कर एक अर्टिगा गाड़ी में गोवंश लेकर जाने वाले हैं, जिन्हें घासेड़ा बाईपास सड़क पर नाकाबंदी कर काबू किया जा सकता है। सूचना के बाद टीम ने मौके पर नाकेबंदी की। जैसे ही गौ तस्करों का पुलिस टीम से आमना-सामना हुआ, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

बचाव में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान दोनों तस्करों के पैरों में गोली लग गई और वे घायल हो गए।घायलों की पहचान रोबिन पुत्र ईशब उर्फ यूसुफ खान निवासी अलीमेव के रूप में हुई है, जिस पर 12 मुकदमे दर्ज हैं और जो वर्ष 2016 में इनामी बदमाश रह चुका है। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। दूसरे घायल की पहचान शमशाद उर्फ पेंदा पुत्र लीला निवासी गांव उठावड़, थाना हथीन के रूप में हुई है, जिस पर 2 मुकदमे दर्ज हैं और वह राजस्थान पुलिस का 3 हजार रुपये का इनामी बदमाश है, उसके एक पैर में गोली लगी है।
इस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान वकील उर्फ टर्टल पुत्र इशाक निवासी उठावड़ और जावेद निवासी उठावड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मौके से पुलिस ने तीन गोवंश, एक अर्टिगा गाड़ी, दो देसी कट्टे, तीन खाली खोल और 6 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
