
Bihar News(India 365 news): बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए। सरकार का मकसद बिहार में नए शहर बसाने के साथ ही निवेश बढ़ाना और लोगों को बेहतर सुविधाएं देना है। इन प्रस्तावित टाउनशिप का नाम बिहार के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखकर रखा जाएगा।
दरअसल 10 नवंबर को पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में पटना नगर निगम के 200 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बॉन्ड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग शुरू की गई। बिहार में पहली बार किसी नगर निगम के बॉन्ड की NSE में लिस्टिंग हुई है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे पटना नगर निगम को 200 करोड़ रुपये की राशि मिली है और अब विकास के लिए नए रास्ते खुलेंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की करीब 14 करोड़ की आबादी राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। साल 2000 में झारखंड अलग होने के बाद बिहार के पास करीब 87 प्रतिशत राजस्व और 46 प्रतिशत जमीन कम रह गई थी। इसके बावजूद राज्य का बजट अब बढ़कर करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री ने पटना में 126 किलोमीटर लंबी मरीन ड्राइव बनाने की योजना का भी जिक्र किया। इस परियोजना पर करीब 30 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। खास बात यह है कि इसे सरकारी और निजी कंपनियों की साझेदारी यानी PPP मोड पर बनाने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बैटरी स्टोरेज और पंप स्टोरेज सिस्टम पर भी काम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आने वाले हैं। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेजों को PPP मोड पर चलाने की पहल का भी जिक्र किया। वहीं इसी कार्यक्रम के दिन 1 करोड़ 9 लाख से ज्यादा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में 1205.91 करोड़ रुपये भेजे गए।
अब देखना होगा कि सरकार की इन योजनाओं पर काम कितनी तेजी से शुरू होता है और आने वाले समय में बिहार की तस्वीर कितनी बदलती है।
