हाजीपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर पर बरसाईं गोलियां

बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। नगर थाना क्षेत्र के जढुआ इलाके में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि फायरिंग के दौरान दुकान मालिक बाल-बाल बच गए और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर सवार होकर दो बदमाश खुशी मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों अपराधी बाइक से उतरते ही दुकान की तरफ फायरिंग करने लगे। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास मौजूद लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जो अब पुलिस जांच का अहम आधार बन गई है।
कई एंगल से जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाके की घेराबंदी की। शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश, रंगदारी और अन्य आपराधिक कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है।

मौके से मिले दो खोखे
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। दुकान मालिक और उनके बड़े भाई से पूछताछ कर पुराने विवादों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने हाजीपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
