
मानसून सीजन शुरू होने से पहले भारतीय जनता पार्टी पंजाब ने बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील जिलों में तैयारियों का जमीनी आकलन करने का फैसला लिया है। पार्टी का उद्देश्य राज्य प्रशासन की तैयारियों का मूल्यांकन करना, राहत कार्यों की समीक्षा करना और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का पता लगाना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने पिछले वर्ष बाढ़ से प्रभावित जिलों का दौरा करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इन दौरों के दौरान संबंधित जिलों के भाजपा अध्यक्ष भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

इन जिलों में जाएंगे वरिष्ठ भाजपा नेता
भाजपा द्वारा नियुक्त वरिष्ठ नेताओं में अश्वनी शर्मा को गुरदासपुर, फतेह जंग बाजवा को अमृतसर, श्वेत मलिक को पठानकोट, सुरजीत जयानी को फिरोजपुर, सुनील जाखड़ को फाजिल्का, सुशील रिंकू को अबोहर, अविनाश राय खन्ना को जालंधर, जंगी लाल महाजन को होशियारपुर, विजय सांपला को रूपनगर और इकबाल सिंह लालपुरा को मोहाली का दौरा सौंपा गया है। इन नेताओं का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करना है।
प्रभावित परिवारों से संवाद कर तैयार होगी रिपोर्ट
दौरे के दौरान वरिष्ठ नेता बाढ़ प्रभावित परिवारों, स्थानीय निवासियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। वे लोगों से सीधे संवाद कर बाढ़ से जुड़ी समस्याओं, राहत कार्यों, पुनर्वास प्रयासों और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी जुटाएंगे। इसके आधार पर प्रत्येक नेता अपनी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगा, जिसमें स्थानीय स्तर पर मौजूद कमियों और आवश्यक सुधारों का भी उल्लेख होगा।
आपदा प्रबंधन और जनसुरक्षा पर रहेगा फोकस
भाजपा ने कहा है कि वह हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी रहने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का कहना है कि जन सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, समय पर राहत और प्रभावित परिवारों की सहायता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की चुनौती को देखते हुए यह पहल राज्य में राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
