राज्य

हिसार में मुठभेड़ के बाद अजीत पहलवान गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार

एक के पैर पर लगी गोली; पुलिस ने बरामद किए हथियार

Police Encounter : हिसार पुलिस ने शुक्रवार रात एक मुठभेड़ के बाद अजीत पहलवान गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह मुठभेड़ रात करीब 9:30 बजे गांव भिवानी रोहिल्ला के पास हुई। इस दौरान बदमाश बालसमंद निवासी संदीप फिल्मी के पैर में गोली लगी। उसे पुलिस घायल अवस्था में लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंची जहां उसका उपचार शुरू किया गया। दूसरा बदमाश अनिल फतेहाबाद जिले के गांव बुआन का रहने वाला है। दोनों बदमाश विनोद पानू हत्याकांड में वांछित थे।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि सीआईए टू को सूचना मिली थी कि अजीत पहलवान गैंग के दो बदमाश गांव भिवानी रोहिल्ला के पास खेत में बने एक कमरे में छिपे बैठे हैं जो कोई बड़ी वरदात करने की फिराक में हैं और उनके निशाने पर विनोद पानू गैंग के बदमाश हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश बाहर निकल आए।

इस दौरान संदीप फिल्मी ने पुलिस पर दो फायर किए। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायर किया जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया। वही दूसरा बदमाश अनिल भागने लगा जिसे पुलिस टीम ने पकड़ लिया। पुलिस ने बदमाशों से 315 बोर की दो पिस्टल, 9 कारतूस और खाली राउंड बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार संदीप उर्फ फिल्मी के खिलाफ हत्या, हत्या प्रयास, गवाह को गोली मारना और आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामले दर्ज हैं।

विनोद पानू हत्याकांड में पहले तीन बदमाश हो चुके हैं गिरफ्तार

पानू हत्याकांड में इससे पहले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका है जिनमें हांसी जिले के गांव गढ़ी निवासी अजय, खरड़ निवासी राकेश और तीसरा साथ रोड कला निवासी सुमित शामिल है। अजय और राकेश दोनों ने पेशी के दौरान विनोद पान्नू की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

शार्प शूटर सुमित के निशाने पर थे विनोद पानू गैंग के आठ बदमाश

शार्प शूटर सुमित के निशाने पर पानू गैंग के आठ बदमाश थे जिनमें नरेश मौठ, मोनू हसनगढ़, कपिल बालसमंद, सज्जन बालसमंद, अनिल भगाना और दिनेश पूनिया शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button