मनोरंजनराजनीतिराज्य

पंजाब कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, प्रगट सिंह को मिली कमान

राजा वडिंग ने दी बधाई

Punjab Congress : बीती देर रात पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह लेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, परगट सिंह तत्काल प्रभाव से पद संभालेंगे। इसके साथ ही पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर विराम लग गया है।

प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद राजा वड़िंग ने नए अध्यक्ष परगट सिंह को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “सरदार परगट जी को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई। मेरी शुभकामनाएं।” वड़िंग ने अप्रैल 2022 में पंजाब कांग्रेस की कमान संभाली थी। पार्टी ने उनके कार्यकाल के योगदान की भी सराहना की है।

परगट सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है। पार्टी के सामने अब नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। कांग्रेस ने फिलहाल पंजाब के विभिन्न चुनाव संबंधी समितियों के मौजूदा कार्यकारी अध्यक्षों और पदाधिकारियों को उनके पदों पर बनाए रखने की बात कही है।

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी बनाए गए सचिन पायलट ने प्रदेश अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों को लेकर पार्टी के विभिन्न स्तरों पर फीडबैक लिया था। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय पदाधिकारियों के अलावा यूथ कांग्रेस और NSUI के नेताओं से भी राय ली थी। इस कवायद का उद्देश्य संगठन में अलग-अलग नेताओं की स्वीकार्यता और जमीनी कार्यकर्ताओं की राय जानना था।

बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने परगट सिंह को पार्टी की कमान सौंपने का फैसला किया है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी के तौर पर सचिन पायलट को जिम्मेदारी मिलने के बाद यह संगठन में पहला बड़ा बदलाव माना जा रहा है। अब नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी संगठन में आगे क्या बदलाव होते हैं, इस पर भी नजर रहेगी।

कौन है परगट सिंह

परगट सिंह की पहचान केवल एक राजनेता के तौर पर नहीं, बल्कि भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान और ओलंपियन के रूप में भी है। वह जालंधर कैंट से लगातार तीन बार 2012, 2017 और 2022 में विधायक चुने गए हैं। पंजाब सरकार में खेल और शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह पंजाब कांग्रेस के महासचिव (संगठन) भी रह चुके हैं। ऐसे में उनके पास चुनावी राजनीति के साथ संगठन का भी अनुभव है।

जाट सिख समुदाय से हैं परगट सिंह

परगट सिंह की नियुक्ति को पंजाब कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। वह माझा-दोआबा क्षेत्र से आते हैं और जाट सिख समुदाय से हैं। इससे पहले राजा वड़िंग भी जाट सिख समुदाय से थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button