भारतीय निशानेबाज ने फाइनल में दमदार प्रदर्शन के साथ हासिल किया पहला स्थान

Asian Games 2026 : हरियाणा की 26 वर्षीय नीरू ढांडा ने मंगलवार को एशियाई खेलों की महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। नीरू एशियाई खेलों में महिला ट्रैप या स्कीट की व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। उन्होंने फाइनल में 28 अंक जुटाकर नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया।
नीरू ने फाइनल में चीन की सुन युनोंग को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 26 अंक के साथ रजत पदक जीता। कुवैत की अब्दुलमलिक हाजर 21 अंक के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। नीरू का 28 अंक का स्कोर पिछले 24 अंक के एशियाई रिकॉर्ड से बेहतर रहा।
ममेरे भाई को देखकर शुरू की ट्रैप शूटिंग
नीरू हरियाणा के जींद ज़िले की रहने वाली हैं। जब उन्होंने शूटिंग शुरू की, तो उनका परिवार हरियाणा के जींद से मध्य प्रदेश के शिवपुरी आ गया। 2018 एशियाई खेलों में पुरुषों के ट्रैप इवेंट में अपने ममेरे भाई लक्ष्य श्योराण को सिल्वर मेडल जीतते हुए देखकर उन्हें शूटिंग में दिलचस्पी हुई। शुरुआत में उन्होंने परिवार की डबल-बैरल बंदूक से टिन के डिब्बों पर निशाना लगाकर प्रैक्टिस की और बाद में श्योराण के साथ ट्रेनिंग की। इसके बाद, सिलेक्शन ट्रायल पास करके वे मध्य प्रदेश स्टेट शूटिंग एकेडमी में शामिल हो गईं।
क्वालीफिकेशन में भी बनाया खेलों का रिकॉर्ड
नीरू ने क्वालीफिकेशन में 118 अंक के साथ कतर की रे बेसिल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया और आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई। 118 अंक क्वालीफिकेशन में एशियाई खेलों का रिकॉर्ड भी रहा।
इससे पहले किसी भारतीय महिला ट्रैप निशानेबाज ने एशियाई खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक नहीं जीता था। भारत के लिए पुरुष ट्रैप की व्यक्तिगत स्पर्धा में रणधीर सिंह ने 1978 में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि रोंजन सोढ़ी ने 2010 एशियाई खेलों में पुरुष डबल ट्रैप का व्यक्तिगत स्वर्ण हासिल किया था।

टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत
नीरू ने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भी भारत को रजत पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। नीरू (118), आशीमा अहलावत (106) और मनीषा कीर (104) की भारतीय टीम ने कुल 328 अंक जुटाए। चीन की टीम ने 346 अंक के साथ स्वर्ण और कुवैत ने 325 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
आशीमा अहलावत व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन में 16वें और मनीषा कीर 23वें स्थान पर रहीं। दोनों फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
विश्व कप में भी रचा था इतिहास
नीरू जुलाई में इटली में हुए शॉटगन विश्व कप में महिला ट्रैप का स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। मौजूदा एशियाई खेलों में निशानेबाजी में यह भारत का दूसरा स्वर्ण पदक है। इससे पहले सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण जीता था।
निशानेबाजी में नीरू की स्वर्णिम सफलता के साथ एशियाई खेलों में भारत के स्वर्ण पदकों की संख्या पांच हो गई है
