
राम मंदिर चढ़ावा और जमीन खरीद से जुड़े विवाद में नया मोड़ आ गया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को विशेष जांच दल (SIT) ने लखनऊ स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में गुरुवार सुबह 11 बजे बुलाया है। इसकी जानकारी खुद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए दी। उन्होंने कहा कि उनके पास मंदिर के चढ़ावे, चंदे और जमीन खरीद से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, जिन्हें वह SIT अध्यक्ष को सौंपेंगे।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
संजय सिंह ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि उन्होंने पहले ही जांच एजेंसी से मिलने के लिए समय मांगा था। अब उन्हें 25 जून को सुबह 11 बजे लखनऊ बुलाया गया है, जहां वह उपलब्ध सभी दस्तावेज जांच टीम को सौंपेंगे। उन्होंने अपने संदेश का समापन “जय हिंद, जय श्रीराम” के साथ किया।

चंपत राय और ट्रस्ट पर लगाए गंभीर आरोप
संजय सिंह पिछले कई दिनों से राम मंदिर चढ़ावा और जमीन खरीद मामले को लेकर लगातार भाजपा और राम मंदिर ट्रस्ट पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसे दस्तावेज हैं, जिनसे कथित तौर पर करोड़ों रुपये की जमीन खरीद में अनियमितताओं का पता चलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2 करोड़ रुपये की जमीन 18.5 करोड़ में, 3 करोड़ की जमीन 24 करोड़ में और 9 करोड़ रुपये की जमीन 55.47 करोड़ में खरीदी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन मामलों में जुड़े सभी सबूत उनके पास मौजूद हैं।
SIT ने शुरू की जांच, अंतिम रिपोर्ट का इंतजार
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस पूरे मामले की जांच के लिए 13 जून को तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। जांच टीम अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है, जबकि अंतिम रिपोर्ट अगले 10 से 15 दिनों में आने की संभावना है। अब संजय सिंह द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले दस्तावेज जांच की दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, उनके आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
