
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में कई लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में जाकर राहत कार्यों की निगरानी करने और पीड़ित परिवारों से संवाद स्थापित कर हर संभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने से मौतें
बारिश से जुड़े हादसों में राज्य के कई जिलों से मौतों की खबरें सामने आई हैं। संत कबीर नगर में खेतों में काम कर रहीं दो महिलाओं की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। कुशीनगर में खेत की मेड़ पर खड़े 14 वर्षीय किशोर राहुल कुमार की बिजली गिरने से जान चली गई। बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में भारी बारिश के बाद दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। शामली में टिन शेड की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं गाजियाबाद में घर के बाहर जलभराव वाले नाले में गिरने से तीन वर्षीय बच्ची की डूबकर मौत हो गई।

गाजियाबाद, नोएडा और प्रयागराज में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश के कारण गाजियाबाद, नोएडा और प्रयागराज में व्यापक जलभराव देखने को मिला। गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में सड़क धंसने से एक कार और स्कूटर गड्ढे में गिर गए, जबकि कई इलाकों में घंटों तक ट्रैफिक जाम लगा रहा। नोएडा के कई सेक्टरों में घुटनों तक पानी भर गया और परिवहन विभाग का कार्यालय भी जलमग्न हो गया। प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना और महिला थाना परिसर में भी बारिश का पानी भर गया। वहीं मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के दौरान कच्चा मकान गिरने से 20 बकरियों की मौत हो गई।
11 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना जताई है। मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
