
west bengal News(India365news): पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के बीच टकराव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। इस बार मामला ममता बनर्जी के चुनावी हलफनामे से जुड़ा है। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने अपने हलफनामे में कई जरूरी जानकारियां छिपाई थीं। अब मुख्यमंत्री ने इस मामले में कानूनी रास्ता अपनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
मंगलवार 10 नवंबर को शुभेंदु अधिकारी ने साफ कहा कि वह ममता बनर्जी के खिलाफ नए सिरे से कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहे हैं। उनका कहना है कि चुनाव लड़ने वाले हर उम्मीदवार को अपने हलफनामे में सही और पूरी जानकारी देनी चाहिए। अगर कोई जरूरी बात छिपाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के गोकुलनगर में शुभेंदु अधिकारी 2007 के नंदीग्राम आंदोलन में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह आरोप लगाए। शुभेंदु के मुताबिक जब ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था तो कुछ उम्मीदवारों ने उनके हलफनामे में दी गई जानकारी पर सवाल उठाए थे। इस मामले में आपत्तियां भी दर्ज कराई गई थीं। लेकिन निर्वाचन अधिकारी ने उन आपत्तियों को खारिज करते हुए ममता बनर्जी का नामांकन स्वीकार कर लिया था।
शुभेंदु अधिकारी का कहना है कि ऐसे मामलों में पहले भी अदालतों के कई फैसले आ चुके हैं। वह इन्हीं कानूनी आधारों पर अदालत का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह ममता बनर्जी का नामांकन रद्द करने की मांग कर सकते हैं।
दरअसल 2026 के विधानसभा चुनाव में दोनों नेताओं के बीच सीधा मुकाबला हुआ था। भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। इसके अलावा उन्होंने नंदीग्राम सीट से भी जीत दर्ज की थी। बीजेपी की जीत के बाद पश्चिम बंगाल में टीएमसी के 15 साल पुराने शासन का अंत हुआ और शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बने।
अब चुनावी हलफनामे को लेकर शुरू होने वाली यह कानूनी लड़ाई बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर सकती है। हालांकि शुभेंदु के आरोपों पर अदालत का फैसला आना अभी बाकी है।
