जींद के खिलाड़ी एशियन गेम्स में छाए, हिमांशु ढिल्लों को डबल रजत

Asian Games 2026 : जापान के आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारतीय बाक्सिंग अभियान की शुरुआत जींद जिले के गांव ढाकल के बाक्सर सुमित कुंडू ने शानदार जीत के साथ की।
पुरुषों के 70 किलोग्राम भार वर्ग में सुमित कुंडू ने अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड के बुंजोंग सिंसिरी को 5-0 से हराकर अगले दौर यानी राउंड आफ-16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में जगह बनाई।
एशियन गेम्स के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार सुमित का मुकाबला 21 सितंबर को निस्शियो जिम्नेजियम में हुआ। सुमित कुंडू की इस जीत से ढाकल गांव ही नहीं, बल्कि पूरे जींद और हरियाणा में खुशी का माहौल है।

संघर्षों से भरा रहा है सुमित कुंडू का जीवन
गांव ढाकल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी तक पहुंचने का सुमित कुंडू का सफर संघर्षों से भरा रहा है। सुमित ने 2018 नेशनल स्कूल गेम्स और 2019 खेलो इंडिया गेम्स में स्वर्ण पदक जीता।
वर्ष 2021 में उन्होंने अपने पदार्पण पर सीनियर नेशनल चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया। 2022 में थाईलैंड ओपन में स्वर्ण पदक जीतने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
हिमांशु ढिल्लों को डबल सफलता
हरियाणा के जींद के अलेवा गांव के निवासी हिमांशु ढिल्लों ने एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए दो रजत पदक जीते हैं। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल टीम और निजी दोनों स्पर्धाओं में यह शानदार सफलता हासिल की। इस दोहरी उपलब्धि से पूरे देश में खुशी की लहर है और भारतीय खेल जगत में उनका नाम रोशन हुआ है।
हिमांशु ढिल्लों ने अपनी बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने पहले 10 मीटर एयर राइफ़ल टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इसके बाद, 10 मीटर एयर राइफ़ल निजी इवेंट में भी उन्होंने अपनी एकाग्रता और कौशल का परिचय देते हुए दूसरा रजत पदक जीता। उनकी इस दोहरी सफलता पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमांशु की इस उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है और यह जीत भारतीय खेल के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है।