
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मालवीय नगर के हौजरानी अग्निकांड और साकेत के सैदुलाजाब क्षेत्र में हुई इमारत ढहने की दुखद घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही, दोनों हादसों के दौरान बहादुरी और मानवता का परिचय देने वाले नागरिकों, पुलिसकर्मियों और बचावकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
दिल्ली सचिवालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दोनों घटनाओं में दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मालवीय नगर और साकेत की घटनाएं केवल प्रभावित परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की पीड़ा हैं। इन हादसों ने कई परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मृतकों और घायलों के लिए घोषित आर्थिक सहायता का वितरण पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मालवीय नगर के हौजरानी अग्निकांड के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की मदद करने वाले रियाजुद्दीन मंसूरी को विशेष रूप से सम्मानित किया। रियाजुद्दीन ने आग लगने के दौरान लोगों की जान बचाने के लिए नीचे गद्दे बिछाकर साहसिक कार्य किया था। मुख्यमंत्री ने उन्हें 21,000 रुपये का प्रोत्साहन चेक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। साथ ही उनके द्वारा उपयोग किए गए गद्दों की लागत की भी प्रतिपूर्ति करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने जिस साहस और तत्परता का परिचय दिया, वह पूरे दिल्लीवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यदि समय रहते बचाव कार्य नहीं किए जाते तो नुकसान और अधिक गंभीर हो सकता था।
इस अवसर पर साकेत भवन दुर्घटना और मालवीय नगर अग्निकांड के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में योगदान देने वाले कई पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों को 21,000 रुपये के चेक और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें पुलिस अधिकारी, कांस्टेबल, डॉक्टर और स्थानीय स्वयंसेवक शामिल रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को और मजबूत करेगी। साथ ही आपदा प्रबंधन तंत्र को सशक्त बनाने और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए भी विशेष कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने दोहराया कि दिल्ली सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और मानवता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेगी।
