
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस ने पार्टी विधायक कुलदीप कुमार को उनके घर से अपने साथ ले गई। पार्टी के मुताबिक, मंगलवार तड़के करीब 4 बजे सादी वर्दी में पहुंचे करीब 20 पुलिसकर्मियों ने विधायक को हिरासत में लिया।
AAP नेताओं का दावा है कि विधायक को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है और परिवार को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई।
फोन ले जाने से रोकने का आरोप
आम आदमी पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक कुलदीप कुमार को अपना मोबाइल फोन साथ ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। पार्टी का कहना है कि उनके परिजनों को यह तक नहीं बताया गया कि विधायक को कहां ले जाया गया है।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़कर देखा।

सफाई कर्मचारी हत्या मामले में उठा रहे थे आवाज
दरअसल, कल्याणपुरी इलाके में सफाई कर्मचारी अनिल की चाकू मारकर हत्या के बाद मामला गरमा गया था। विधायक कुलदीप कुमार पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
उनकी मांग थी कि मृतक परिवार को उचित सहायता मिले और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पीड़ित परिवार की मुलाकात कराई जाए।
अंतिम संस्कार को लेकर भी लगाए आरोप
AAP की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया कि मृतक सफाई कर्मचारी के परिवार पर जल्द अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाया जा रहा है। पार्टी ने दावा किया कि परिवार की इच्छा के खिलाफ कार्रवाई की कोशिश की जा रही है।
हालांकि इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस या सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बड़े प्रदर्शन से पहले कार्रवाई का दावा
कुलदीप कुमार सोमवार से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कुछ लोगों के साथ धरने पर बैठे थे। उन्होंने सफाई कर्मचारी हत्या मामले में कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलन शुरू किया था।
AAP के मुताबिक, मंगलवार सुबह 9 बजे बड़े धरने का ऐलान किया गया था। पार्टी का आरोप है कि प्रदर्शन से पहले ही विधायक को पुलिस अपने साथ ले गई।
राजनीतिक विवाद बढ़ने के संकेत
सफाई कर्मचारी हत्या मामला अब कानून व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक मुद्दा भी बन गया है। एक तरफ AAP पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठा रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।कुलदीप कुमार को पुलिस द्वारा ले जाने के दावे ने दिल्ली की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। अब नजर इस बात पर है कि पुलिस इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देती है और सफाई कर्मचारी हत्या मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
