राज्य

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बिहार कनेक्शन, हाजीपुर में STF की बड़ी कार्रवाई

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले की जांच अब बिहार तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र पुलिस की विशेष जांच टीम (STF) ने बिहार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर वैशाली जिले के हाजीपुर में बड़ी कार्रवाई की। नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे पर कई घंटों तक छापेमारी की गई। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले के तार एक अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।

तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

देर रात तक चली कार्रवाई के बाद साइबर कैफे संचालक सोनू कुमार समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान कई मोबाइल फोन, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनू कुमार का नाम कथित तौर पर इस मामले के एक प्रमुख आरोपी से जुड़कर सामने आया है। वहीं, उसके भाई विकास की भी तलाश जारी है, जो पटना में साइबर कैफे संचालित करता है। हालांकि जांच एजेंसियों ने आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बिहार कनेक्शन, हाजीपुर में STF की बड़ी कार्रवाई

डिजिटल नेटवर्क की गहराई से जांच

जांच एजेंसियां जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल डेटा, ईमेल गतिविधियों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। फिलहाल पूरे डिजिटल नेटवर्क को खंगालकर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पेपर लीक की साजिश कैसे रची गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।

24 घंटे पहले लीक हुआ था पेपर

महाराष्ट्र TET परीक्षा के लिए करीब 4.28 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा 28 जून को आयोजित होनी थी, लेकिन परीक्षा से लगभग 24 घंटे पहले प्रश्नपत्र लीक होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने परीक्षा रद्द कर दी। जांच के दौरान पहले महाराष्ट्र के भिवंडी समेत कई स्थानों से विभिन्न राज्यों के आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अब हाजीपुर में हुई कार्रवाई के बाद जांच का दायरा और व्यापक हो गया है तथा कई राज्यों में लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button