सेवा संकल्प अभियान का आज दूसरा दिन

CM Nayab Saini : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान पूरे एक महीना चलेगा। यह अभियान हर हरियाणवी का अपना अभियान है और प्रदेश के हर नागरिक और सामाजिक संस्था को इस सेवा महायज्ञ में अपनी आहुति देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सभी के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत है। उनके सेवा ही संगठन और जन सेवा ही ईश्वर सेवा के विचार से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किया गया ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक औपचारिक या सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यह सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जनभागीदारी और विकास का एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन बन रहा है। यह अभियान 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में पूरी निष्ठा के साथ चलाया जाएगा। उन्होंने उल्लेख किया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन और जनसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इन 25 वर्षों में उन्होंने पद को अधिकार का नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम बनाकर देश को सुशासन और विकास की नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र की उन्नति, गरीब कल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित किया है। इसी भावना से प्रेरणा लेकर हरियाणा में यह अभियान घर-घर तक सेवा संदेश पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
कुरुक्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि पवित्र ब्रह्मसरोवर के दक्षिण भाग में 120 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक भव्य एवं आधुनिक सर्किट हाउस बनाया जाएगा। कुरुक्षेत्र विश्वभर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इस सर्किट हाउस के निर्माण से यहां आने वाले अतिथियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी। ये परियोजना क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन उद्योग को भी नई गति प्रदान करेगी।
