युवा दौड़ेगा स्वास्थ्य के लिए, समाज जागेगा नशे के खिलाफ और हरियाणा बढ़ेगा विकसित भारत के संकल्प के साथ।” : मुख्यमंत्री

Drug Free Haryana Namo Run : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र की शक्ति बनाने के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं। खेलो इंडिया ने खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, फिट इंडिया ने स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया, स्किल इंडिया ने हुनर को अवसर से जोड़ा और स्टार्टअप इंडिया ने युवाओं में उद्यमिता की नई ऊर्जा पैदा की। इसी प्रकारए मुद्रा योजना और स्टैंड अप इंडिया ने युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के रास्ते खोले हैं। यह उद्गार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यक्त किए। वह गुरुवार को अंबाला शहर में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के तहत आयोजित नशा मुक्त हरियाणा नमो मैराथन में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए परमात्मा से उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प को और अधिक शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को नमन करते हुए कहा कि वे सेवा और संकल्प की नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इन वर्षों का उनका सार्वजनिक जीवन हमें एक ही संदेश देता है कि पद नहीं, सेवा बड़ी है, सत्ता नहीं संकल्प बड़ा है और स्वयं से पहले राष्ट्र है।
मुख्यमंत्री ने मैराथन में भाग लेने वाले हर युवा, खिलाड़ी, विद्यार्थी, बेटी, अभिभावक, स्वयंसेवक के साथ-साथ अन्य सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि नमो हरियाणा का यही अरमान नशा मुक्त रहे हर इंसान। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई है। नशा स्वयं एक बड़ी समस्या है। कुछ पलों का नशा पूरी जिंदगी के सपनों पर भारी पड़ सकता है। इसलिए आज अंबाला की सड़कों पर दौड़ता हुआ हर कदम केवल एक दूरी तय नहीं कर रहा, बल्कि हर कदम नशे से दूरी और जीवन से जुडऩे का संदेश दे रहा है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशे को ना कहिए, गलत संगत को ना कहिए और अपने सपनों को हां कहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत.2047 की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं के हाथों में नशे की पुड़िया नहीं, बल्कि खेल का सामान और कौशल का औजार होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी को विश्वकर्मा दिवस की बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने नशा मुक्त हरियाणा नमो मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी मैराथन में शामिल होकर युवाओं को स्वस्थ एवं फि ट रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलवाई। पूर्व मंत्री असीम गोयल ने मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर अभिन्नदन किया। जिला प्रशासन की ओर से मैराथन में शामिल प्रतिभागियों को प्रशांसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री असीम गोयल नन्यौला, मेयर अक्षिता सैनी, मंडलायुक्त संजीव वर्मा, आईजी अम्बाला रेंज पंकज नैन, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, सीईओ जिला परिषद् गगनदीप, एसडीएम दर्शन कुमार, पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी, रितेश गोयल, प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ संजय शर्मा, जिला परिषद् के चेयरमेन मक्खन सिंह लबाना, नगर परिषद् की अध्यक्ष स्वर्णजीत कौर, जगमोहन लाल कुमार, अनुभव अग्रवाल, यतिन बंसल सहित अनेक नेता्र अधिकारी व प्रतिभागी मौजूद रहे।
