राज्य

5 बदमाशों को पुलिस ने सिर मुंडवाकर घुमाया

Haryana Crime: शुक्रवार को हिसार पुलिस ने व्यापारियों से मंथली मांगने वाले बदमाशों से घटना स्थल की शिनाख्त करवाई। पुलिस इन्हें उस स्टोर में ले गई, जहां से इन्होंने मंथली मांगी थी। पुलिस ने पहले सभी 5 आरोपियों के सिर मुंडवाए। फिर शुक्रवार को उसी स्टोर पर लेकर गए जहां 3 लाख की मंथली मांगी थी। पुलिस परेड के दौरान आरोपी लंगड़ाते हुए चलते नजर आ रहे थे।

बता दें कि बदमाशों ने मंथली न देने पर 2 व्यापारी भाइयों के घर में घुसकर लाठी-डंडे बरसाए थे। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। जिसके आधार पर आरोपी पकड़े गए। इनकी पहचान राहुल उर्फ गोल्डन, मोहित उर्फ रोज, काकू उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश के रूप में हुई है।

सिविल लाइन पुलिस आरोपियों को थाने से उस जगह पर ले गई जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। बाजारों में लोगों की भीड़ आरोपियों को देखने के लिए जुट गई। आरोपियों को मेन रोड से लेकर करीब 200 मीटर अंदर पैदल ही लेकर गई। निशानदेही के दौरान मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए।

पटेल नगर निवासी सुनील (40) और सोनू (38) की घर के पास ही एक साथ परचून की दुकान हैं। दोनों को कई दिन से दबंग फोन कर मंथली देने को कहते थे, लेकिन ये हर बार इनकार कर देते थे।

5 बदमाशों को पुलिस ने सिर मुंडवाकर घुमाया

सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा था कि 5-6 युवक हाथों में गंडासे, लोहे की रॉड और चाकू लेकर घर में घुसते हैं। युवक अंदर मौजूद दोनों भाइयों पर हमला करते हैं। एक महिला उन्हें रोकने और बचाने का प्रयास करती है, लेकिन युवक नहीं रुकते। आसपास के लोग भी मौके पर दिखाई देते हैं, लेकिन हमले के दौरान कोई बीच-बचाव करता नजर नहीं आता। मारपीट के बाद कुछ युवक घर के बाहर गली में खड़े दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में हथियार नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक हथियार लहराते हुए दिखाई देते हैं। वहीं, पीड़ितों के घर के बाहर कांच के टुकड़े और टूटा हुआ दरवाजा भी नजर आ रहा है।

अस्पताल में भर्ती सोनू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कार्तिक और उसके साथी पिछले 3-4 महीनों से उन्हें परेशान कर रहे थे। आरोप है कि उनसे हर महीने 3 लाख रुपए मांगे जा रहे थे। बुधवार रात 10 बजे के करीब दोनों भाई कार में बैठे थे, तभी 5-6 युवकों ने पीछे से हमला कर दिया। सोनू के सिर और हाथ पर गंडासे व लाठियों से वार किए गए। भाई सुनील के पेट में चाकू और गंडासा मारा गया। सुनील की हालत गंभीर बताई गई है।

सोनू के मुताबिक, आरोपियों ने पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। बुधवार शाम भी फोन कर पैसे देने का दबाव बनाया गया था। सोनू की पत्नी के मुताबिक, उनके पति ने कहा था कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं और वे इतनी बड़ी रकम कहां से लाएंगे। इसके कुछ देर बाद दोनों भाइयों को घेरकर हमला कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button