हवलदार पर लगे चिट्टा बेचने के आरोप, शराब के नशे में था हवलदार, सस्पेंड
लोगों ने किया थाने का घेराव, एसपी के आदेश पर हुई कार्रवाई

EHC Suspend : नारनौल एसपी ने एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है। हवलदार का रात को मेडिकल करवाया गया था और आज सुबह आई मेडिकल रिपोर्ट में नशे की पुष्टि होने पर जिला पुलिस अधीक्षक ने एक्शन लेते हुए हवलदार संजय को सस्पेंड कर दिया है।
पूरा मामला मंगलवार देर रात को उस समय शुरू हुआ जब लोगों ने हवलदार संजय पर चिट्टा बेचने का आरोप लगाते हुए थाना घेर लिया था। करीब 40 मिनट तक थाने के बाहर जमकर हंगामा चला था।
सिटी थाना SHO वीरेंद्र सिंह ने हंगामा करने वाले लोगों पर शराब पीए हुए होने का आरोप लगाया था। SHO का कहना था कि पुलिसकर्मी मोहल्ले में दूध खरीदने जाता था। चिट्टा बेचने का कोई मामला सामने नहीं आया।
रात को ही SP के आदेश पर पुलिसकर्मी संजय का मेडिकल कराया गया था। आज सुबह आई मेडिकल रिपोर्ट में हवलदार संजय के शराब पीए होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया। DSP भारत भूषण का कहना है कि हवलदार द्वारा नशा बेचने के आरोपों की अभी जांच की जा रही है।
मंगलवार रात 8 बजे बड़ा मोहल्ले के लोगों ने सिटी थाने के बाहर हंगामा किया था। लोगों ने EHC संजय पर चिट्टा बेचने का आरोप लगाया था।
काफी देर तक थाने के बाहर प्रदर्शन हुआ। कुछ पुलिसवाले लोगों से बात करने के लिए थाने से बाहर आए। इसके बाद उन्हें हेड कॉन्स्टेबल का मेडिकल कराने का आश्वासन देते हुए वापस भेज दिया गया। इसी दौरान सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने कहा था कि हेड कॉन्स्टेबल उस मोहल्ले में दूध लेने जाता है। मंगलवार शाम भी वह दूध के लिए ही पूछने गया था।
वीरेंद्र सिंह ने यहां तक कहा था कि जिन लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया था, उन्होंने खुद शराब पी हुई थी। अगर पुलिसवाले का मेडिकल होगा तो हंगामा करने वालों का भी मेडिकल होना चाहिए। इसके बाद SP ने हेड कॉन्स्टेबल का मेडिकल कराने का आदेश दिया।
बुधवार हेड कॉन्स्टेबल संजय की मेडिकल रिपोर्ट आई। इसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। DSP भारत भूषण का कहना है कि नशीला पदार्थ बेचने के आरोपों की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। अभी कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया है।
