राज्य

बादशाहपुर में आज कांग्रेस का विशाल ब्लॉक सम्मेलन, संगठन मजबूत करने की बनेगी रणनीति

गुरुग्राम के बादशाहपुर क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से रविवार को विशाल ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। वाटिका चौक स्थित औरम कन्वेंशन सेंटर में होने वाले सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल होंगे।

बड़े नेताओं की मौजूदगी में होगा सम्मेलन

जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम ग्रामीण के अध्यक्ष वर्धन यादव के मुताबिक, सम्मेलन दोपहर 3 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज शामिल होंगे।

वर्धन यादव ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं की एक मंच पर मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

बादशाहपुर के स्थानीय मुद्दों पर होगी चर्चा

कांग्रेस के मुताबिक, सम्मेलन का उद्देश्य केवल संगठनात्मक बैठक करना नहीं है। इसमें बादशाहपुर की जनता से जुड़े स्थानीय और जनहित के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बादशाहपुर में आज कांग्रेस का विशाल ब्लॉक सम्मेलन, संगठन मजबूत करने की बनेगी रणनीति

क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं, नागरिक समस्याओं और स्थानीय स्तर पर लोगों के सामने आ रही परेशानियों पर चर्चा होगी। पार्टी का कहना है कि इन मुद्दों को सूचीबद्ध कर उनके समाधान के लिए आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर फोकस

सम्मेलन में कांग्रेस संगठन को ब्लॉक से लेकर गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर आने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

वर्धन यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को सिर्फ कागजों तक सीमित रखने के बजाय जमीनी स्तर पर सक्रिय करना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने और स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

‘कांग्रेस की असली ताकत कार्यकर्ता’

वर्धन यादव ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उनके मुताबिक, पार्टी हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अधिकारों की आवाज उठाने की नीति पर काम करती रही है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत किया जाएगा, ताकि स्थानीय समस्याओं को प्रभावी तरीके से सामने लाया जा सके। आने वाले दिनों में ब्लॉक, गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और तेज करने की योजना है।

कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बादशाहपुर ब्लॉक के सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, युवाओं और पार्टी समर्थकों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। कांग्रेस को उम्मीद है कि सम्मेलन के जरिए कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा और बादशाहपुर में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की दिशा में आगे की रणनीति तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button