राजनीतिराज्य

हरियाणा में बनेगी 5000 एकड़ की ‘नमो सिटी’, व्यापारियों के लिए सीएम नायब सैनी का बड़ा ऐलान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में व्यापार और उद्योग को नई रफ्तार देने के लिए 5000 एकड़ में “नमो सिटी” विकसित करने की घोषणा की है। सोमवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य व्यापारियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस आधुनिक व्यापारिक केंद्र उपलब्ध कराना है। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, मार्बल, ड्राई फ्रूट, लोहा मंडी समेत दिल्ली की 26 प्रमुख व्यापारिक एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए।

दिल्ली के पास बनेगी आधुनिक विश्वस्तरीय मार्केट

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली से सटे क्षेत्र में आधुनिक व्यापारिक मार्केट और औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा, जहां चौड़ी सड़कें, अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने जानकारी दी कि अमृतसर के ड्राई फ्रूट व्यापारियों ने करीब 280 प्लॉट और लुधियाना के व्यापारियों ने लगभग 180 प्लॉट पहले ही ले लिए हैं। सरकार का लक्ष्य इस मार्केट को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

निवेशकों को मिलेगा सिंगल विंडो सिस्टम और विशेष प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि निवेशकों को सिंगल विंडो क्लीयरेंस, समयबद्ध मंजूरी, रोजगार आधारित प्रोत्साहन और कस्टमाइज्ड इंसेंटिव पैकेज जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि यह पूरी परियोजना ग्रीन और प्रदूषण मुक्त होगी, जहां व्यापार के साथ-साथ आम लोग भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने राई के पास तैयार हो रहे मारुति के विशाल प्लांट, खरखौदा में विकसित हो रहे इलेक्ट्रिक व्हीकल जोन और 600 एकड़ में बन रही हॉर्टिकल्चर मंडी का भी उल्लेख किया।

हरियाणा में बनेगी 5000 एकड़ की 'नमो सिटी', व्यापारियों के लिए सीएम नायब सैनी का बड़ा ऐलान

सरकार ने व्यापारियों को दिया भरोसा

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार निवेशकों की हर समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है और जरूरत पड़ने पर वे सीधे मुख्यमंत्री से संपर्क कर सकते हैं। उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने भी कहा कि दिल्ली की भीड़भाड़ वाली मंडियों के मुकाबले हरियाणा में बेहतर औद्योगिक क्लस्टर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य व्यापारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और निवेश के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे हरियाणा देश का प्रमुख व्यापारिक और औद्योगिक केंद्र बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button