राजनीतिराज्य

मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान दिए आदेश

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दो क्षेत्रीय अधिकारी सस्पेंड

CM Nayab Saini : गुरुग्राम में विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दो क्षेत्रीय अधिकारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। गुरुग्राम उत्तर की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा और गुरुग्राम दक्षिण के क्षेत्रीय अधिकारी मुकुल कुमार को निलंबित किया गया है।

बताया गया है कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ गुरुग्राम की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में प्रदूषण और पर्यावरण से जुड़े मामलों में कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए गए थे। विकास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री के संज्ञान में शिकायतें आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुरुग्राम में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करने और नियमों की अनदेखी पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में विकास परियोजनाओं की प्रगति के साथ-साथ शहर में प्रदूषण नियंत्रण और नागरिकों की शिकायतों के निपटारे की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

इससे पहले आज सुबह गुरुग्राम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छ भारत अभियान’ में हिस्सा लिया और लोगों से शहर को साफ़-सुथरा रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री सैनी ने गुरुग्राम विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की। इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, यातायात और जलापूर्ति कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने लंबित परियोजनाओं को समय पर, गुणवत्ता से पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में गुरुग्राम में चल रही प्रमुख सड़क, यातायात, जलापूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं पर चर्चा हुई। शहर की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई परियोजनाओं और लंबित कार्यों को गति देने पर भी विचार किया गया।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा मौजूद रहे। संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button