Tech
Zoho Ulaa Browser: मेड-इन-इंडिया प्राइवेसी ब्राउज़र, क्रोम यूजर्स भी इसके फीचर्स देखकर रह जाएंगे हैरान
Zoho Ulaa Browser: हाल ही में Zoho के उत्पादों ने टेक्नोलॉजी की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है। पहले Arattai ऐप ने धूम मचाई और अब Ulaa ब्राउज़र ने भी एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। यह ब्राउज़र विशेष रूप से गोपनीयता (Privacy) पर केंद्रित है और सभी प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है, जिनमें Android, iOS, Windows, Mac और Linux शामिल हैं। Chrome उपयोगकर्ताओं के लिए यह ब्राउज़र कई नए और शानदार फीचर्स लेकर आया है, जो इसे और भी आकर्षक बनाते हैं। आइए जानते हैं इस मेड-इन-इंडिया ब्राउज़र की खासियतें।
गोपनीयता पर पूरा ध्यान
Ulaa ब्राउज़र उपयोगकर्ता की गोपनीयता को प्राथमिकता देता है। Zoho के अनुसार, यह ब्राउज़र कभी भी यूजर डेटा ट्रैक या सेल नहीं करता। उपयोगकर्ताओं की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह से सुरक्षित रहती है और विज्ञापनदाता इसे ट्रैक नहीं कर सकते। वहीं, Google Chrome ऐसा नहीं करता; Google का ब्राउज़र उपयोगकर्ता का डेटा इकट्ठा करता है ताकि विज्ञापन दिखाए जा सकें। Ulaa ब्राउज़र का यह फीचर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी है जो अपनी निजी जानकारी की सुरक्षा को गंभीरता से लेते हैं।
इन-बिल्ट एड ब्लॉकर और विभिन्न मोड्स
Ulaa ब्राउज़र में इन-बिल्ट एड ब्लॉकर भी शामिल है। इससे ब्रोउज़िंग करते समय बार-बार आने वाले विज्ञापनों की झंझट खत्म हो जाती है और वेब पेज तेज़ी से लोड होते हैं। इसके अलावा, इस ब्राउज़र में विभिन्न मोड्स दिए गए हैं जैसे वर्क मोड, पर्सनल मोड, किड्स मोड और डेवलपर मोड। हर मोड में अलग-अलग गोपनीयता सेटिंग्स और कंटेंट फिल्टर मौजूद हैं। इससे उपयोगकर्ता को बार-बार सेटिंग बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ती और बच्चे भी सुरक्षित रूप से इंटरनेट का उपयोग कर सकते हैं।
सरकारी पुरस्कार और विश्व स्तरीय ब्राउज़र
Ulaa ब्राउज़र को भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित Indian Web Browser Development Challenge में पुरस्कार से नवाजा गया। इस चुनौती में भारतीय कंपनियों से विश्व स्तरीय ब्राउज़र विकसित करने को कहा गया था। Zoho ने इस प्रतियोगिता में Ulaa ब्राउज़र के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और इसे जीत दिलाई। यह साबित करता है कि भारत की तकनीकी कंपनियां अब ग्लोबल लेवल पर प्रतिस्पर्धा कर सकती हैं और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बना सकती हैं।