खेल
Yashasvi Jaiswal ने छोड़ा मुंबई! किस विवाद ने बदला उनका फैसला?
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ओपनर Yashasvi Jaiswal इस समय आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे हैं। इसी बीच उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मांगा था ताकि वह घरेलू क्रिकेट में गोवा की टीम से खेल सकें। खबरों के मुताबिक, जायसवाल की अपनी ही टीम के एक खिलाड़ी से बहस हो गई थी, जिसकी वजह से उन्होंने मुंबई छोड़ने का फैसला लिया।
मुंबई के लिए शानदार प्रदर्शन
Yashasvi Jaiswal ने मुंबई की ओर से लिस्ट ए क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 52.62 की औसत से 1526 रन बनाए हैं, जिसमें एक दोहरा शतक, पांच शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने अब तक 36 मैचों में 60.85 की औसत से 3712 रन बनाए हैं, जिसमें 13 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। जायसवाल लंबे समय से भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हैं और टी20 व वनडे में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
सीनियर खिलाड़ी से हुआ था विवाद?
जायसवाल के मुंबई टीम छोड़ने की वजह कुछ और है। बताया जा रहा है कि पिछले सीजन जम्मू-कश्मीर के खिलाफ मैच के दौरान उनकी टीम के एक सीनियर खिलाड़ी से बहस हो गई थी। सीनियर खिलाड़ी ने उनके शॉट सिलेक्शन पर सवाल उठाया, जिस पर जायसवाल ने उन्हें जवाब दिया। इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और शायद इसी वजह से जायसवाल ने मुंबई टीम से हटने का फैसला किया।
खुद बताया टीम बदलने का कारण
यशस्वी जायसवाल ने बुधवार को इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में खुद टीम बदलने का कारण बताया। उन्होंने कहा, “मुंबई टीम छोड़ने का फैसला मेरे लिए आसान नहीं था। मैं आज जो भी हूं, मुंबई क्रिकेट की वजह से हूं।” उन्होंने आगे कहा कि गोवा ने उन्हें कप्तानी का मौका दिया है, जो उनके करियर के लिए एक बड़ा अवसर है और इसी वजह से उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया। अब सभी की नजरें जायसवाल पर होंगी कि वह गोवा की टीम के लिए कैसा प्रदर्शन करते हैं।