खेल
WI vs AUS 4th T20: रोवमैन पॉवेल ने रचा इतिहास! गेल को पीछे छोड़ T20 में बने नंबर दो बल्लेबाज
WI vs AUS 4th T20: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज रोवमैन पॉवेल ने सिर्फ 22 गेंदों में 28 रन बनाकर इतिहास रच दिया। यह पारी भले ही छोटी रही हो लेकिन इसके जरिए उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। अब पॉवेल वेस्टइंडीज के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे आगे अब सिर्फ निकोलस पूरन हैं।
गेल को पछाड़ा अब पूरन की बारी
इस मैच से पहले पॉवेल क्रिस गेल से सिर्फ 26 रन पीछे थे। उन्होंने अपनी पारी में 28 रन बनाकर गेल को पछाड़ दिया। क्रिस गेल के नाम 1899 रन थे जबकि अब पॉवेल के 1925 रन हो गए हैं। पहले नंबर पर निकोलस पूरन हैं जिनके नाम 2275 रन हैं। दिलचस्प बात ये है कि पूरन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है जिससे पॉवेल के पास अब पहला स्थान हासिल करने का सुनहरा मौका है। वे अब पूरन से सिर्फ 350 रन पीछे हैं।
https://twitter.com/windiescricket/status/1949287475580379478
वेस्टइंडीज ने बनाए 205 रन
मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रन बनाए। पॉवेल के अलावा रोमारियो शेफर्ड ने भी 28 रन बनाए। शेरफेन रदरफोर्ड ने 15 गेंदों में 2 छक्के और 4 चौके लगाकर 31 रन की धमाकेदार पारी खेली। जेसन होल्डर ने 26 रन बनाए। वेस्टइंडीज की टीम ने दमदार स्कोर खड़ा किया लेकिन वह जीत नहीं दिला सकी।
ऑस्ट्रेलिया की जबरदस्त वापसी
206 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 19.2 ओवर में 3 विकेट से जीत हासिल की। इस मैच के हीरो रहे ग्लेन मैक्सवेल जिन्होंने 18 गेंदों में 47 रन ठोके। उन्होंने 6 छक्के और 1 चौका जमाया और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने। कैमरून ग्रीन ने 35 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए जबकि आरोन हार्डी ने आखिरी ओवरों में 23 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा
इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज में 4-0 की बढ़त बना ली है। वेस्टइंडीज के लिए यह एक और झटका है क्योंकि उन्होंने 200 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद मैच गंवा दिया। अब सीरीज का आखिरी मुकाबला 29 जुलाई को खेला जाएगा और पॉवेल के पास फिर से एक बड़ा स्कोर बनाकर पूरन के करीब पहुंचने का मौका होगा।