देश

Weather Update: मानसून बना मुसीबत! हिमाचल से महाराष्ट्र तक बर्बादी के दृश्य, जानिए कहां कितना कहर बरपा

Published

on

Weather Update: मानसून का आगमन इस बार राहत से ज्यादा परेशानी लेकर आया है। देश के कई हिस्सों में बाढ़, भूस्खलन और तेज बारिश से हालात बदतर हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश से लेकर गुजरात तक लोग पानी-पानी हो चुके हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल और उत्तराखंड में बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी दी गई है। गुजरात और महाराष्ट्र में भारी वर्षा की संभावना के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बिहार और राजस्थान में बिजली और तेज बारिश का खतरा

बिहार में मानसून के सक्रिय होते ही कई जिलों में तेज बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, सिरोही, उदयपुर, अजमेर, सवाई माधोपुर आदि जिलों में आज सुबह बिजली के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। किसान और आम जनता दोनों के लिए यह अलर्ट बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि फसलें और जीवन दोनों प्रभावित हो सकते हैं।

महाराष्ट्र में डूबी सड़कें और दुकानें

महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में कई घंटे की बारिश के बाद कंचनगंगा नदी उफान पर है। इसके चलते मुंबई-नागपुर हाइवे पर जलभराव हो गया है। लोगों के घरों में घुटनों तक पानी घुस गया है। दुकानें डूब गई हैं, कारें बह गई हैं और बिजली के खंभे तक पानी में समा गए हैं। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दे रहा है लेकिन अभी राहत के संकेत नहीं हैं।

हिमाचल और उत्तराखंड में तबाही के दृश्य

हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में बादल फटने से हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे मजदूर पानी के बहाव में बह गए। अब तक पांच शव बरामद हुए हैं जबकि बाकी की तलाश जारी है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश के बाद मुनकटिया के पास पहाड़ दरक गया और चट्टानें सड़क पर गिरने लगीं। इसके बाद केदारनाथ जाने वाले यात्रियों को सोनप्रयाग में रोक दिया गया। इन पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश से खतरे की घंटी बज चुकी है।

गुजरात, यूपी और जम्मू में भी नहीं थमा पानी का प्रकोप

गुजरात के नवसारी में कावेरी नदी के उफान पर होने से मंदिर जलमग्न हो गए हैं। सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर गया है। यूपी में बारिश की रफ्तार धीमी हुई है लेकिन मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बिजली और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू में डोडा-भद्रवाह हाईवे पर बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। यहां एक नाले में पानी बढ़ने से घंटों जाम लगा रहा। वहीं कठुआ में मछली पकड़ने गए दो लड़के अचानक बढ़े जलस्तर में फंस गए जिन्हें SDRF ने समय रहते बचा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Copyright © 2025 India365 News | All Rights Reserved