Tech
Mobile Repairing से पहले सोचें, नहीं तो आपका पर्सनल डेटा हो सकता है चोरी, जाने ये ज़रूरी खबर
Mobile Repairing: फोन खराब होने पर लोग उसे रिपेयर सेंटर में भेजते हैं। लेकिन कई बार फोन देते समय हम कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं, जो बाद में परेशानी का कारण बन सकती हैं। हाल ही में कोलकाता में एक महिला के साथ ऐसा मामला सामने आया, जिसमें उसने आरोप लगाया कि रिपेयर सेंटर ने उनके निजी वीडियो लीक कर दिए। इस घटना से यह सीख मिलती है कि फोन रिपेयर करवाने से पहले हमें कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।
स्मार्टफोन के इन-बिल्ट फीचर्स का इस्तेमाल करें
फोन रिपेयर के लिए देने से पहले कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाना जरूरी है। आजकल अधिकांश स्मार्टफोन में अनधिकृत एक्सेस से बचाने के लिए उपयोगी फीचर दिया गया है। इसे अलग-अलग कंपनियों के फोन में अलग नामों से देखा जा सकता है। उदाहरण के लिए, सैमसंग और वनप्लस में इसे ‘Maintenance Mode’ के नाम से जाना जाता है। वहीं, एप्पल आईफोन में इसे ‘Repair State’ कहा जाता है। गूगल पिक्सल में यह फीचर ‘Repair Mode’ के नाम से उपलब्ध है। ये मोड फोन सेटिंग्स में जाकर इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
डेटा बैकअप और फैक्ट्री रिसेट
यदि फोन अभी भी चालू है, तो रिपेयर देने से पहले अपने डेटा का बैकअप जरूर लें। इसे आप क्लाउड या लैपटॉप में सेव कर सकते हैं। इसके अलावा, यदि आप चाहें तो फैक्ट्री रिसेट भी कर सकते हैं। फैक्ट्री रिसेट करने से फोन का सारा डेटा हट जाएगा और रिपेयर सेंटर वाले आपके निजी डेटा तक पहुँच नहीं पाएंगे। यह सबसे सुरक्षित तरीका है, जिससे आपकी प्राइवेसी बनी रहती है।
सिम और मेमोरी कार्ड निकालें
फोन रिपेयर के लिए देने से पहले यह सुनिश्चित करें कि सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड फोन से निकाल दिए गए हैं या नहीं। कई बार लोग भूल जाते हैं और फोन में सिम या मेमोरी कार्ड लगे रहते हैं। इससे आपका निजी डेटा, कॉल हिस्ट्री, फोटो और वीडियो रिपेयर सेंटर के लोगों तक पहुंच सकता है। इसलिए फोन देने से पहले यह कदम जरूरी है।
सिक्योर फोल्डर और निजी डेटा की सुरक्षा
अधिकांश स्मार्टफोन में सिक्योर फोल्डर का फीचर दिया गया है। इसके जरिए आप अपने निजी फोटो, वीडियो और फाइल्स को लॉक और छुपा सकते हैं। रिपेयर देने से पहले इस फीचर का इस्तेमाल करके अपने महत्वपूर्ण और निजी डेटा को सुरक्षित रखें। यह तरीका उन लोगों के लिए बेहद मददगार है, जो रिपेयर सेंटर में फोन भेजते समय अपनी प्राइवेसी की चिंता करते हैं।