खेल
The Hundred 2025: फिल सॉल्ट ने हवा में लगाई डाइव, एक हाथ से लिया जादुई कैच, सोशल मीडिया पर वीडियो से मचा धमाल
इन दिनों इंग्लैंड में खेले जा रहे The Hundred 2025 टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। इसी कड़ी में 20वां मैच ट्रेंट रॉकेट्स और मैनचेस्टर ओरिजिनल्स के बीच खेला गया। इस मैच में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और शानदार कैच के कई नजारे देखने को मिले। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा कप्तान फिल सॉल्ट के उस हैरतअंगेज़ कैच की रही, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
दरअसल, मैच के दौरान 48वीं गेंद पर मैक्स होल्डन बल्लेबाज़ी कर रहे थे। उन्होंने जोश टंग की स्लो बॉल को हल्के हाथों से खेलकर चौका लगाने की कोशिश की। लेकिन गेंद हवा में चली गई। तभी 30-यार्ड सर्कल के भीतर फील्डिंग कर रहे फिल सॉल्ट पीछे की ओर भागते हुए हवा में डाइव लगाकर एक हाथ से कैच पकड़ लिया। उनका यह कैच देखकर सभी दर्शक हैरान रह गए और मैदान तालियों से गूंज उठा।
https://twitter.com/thehundred/status/1957935664801980533
मैच की बात करें तो मैनचेस्टर ओरिजिनल्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 100 गेंदों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 98 रन बनाए। जवाब में ट्रेंट रॉकेट्स ने यह लक्ष्य बेहद आसानी से हासिल कर लिया। डेविड विली की कप्तानी में खेल रही इस टीम ने 74 गेंदों में ही 3 विकेट खोकर 99 रन बना डाले। जीत में सबसे अहम भूमिका रही रेहान अहमद की, जिन्होंने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए पहले गेंदबाज़ी में दो विकेट चटकाए और फिर बल्लेबाज़ी में 45 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
रेहान अहमद ने मैनचेस्टर के कप्तान फिल सॉल्ट (19 रन) और धाकड़ बल्लेबाज़ हेनरिक क्लासेन (9 रन) को आउट किया। इसके बाद जब टीम को तेज़ और संभली हुई बल्लेबाज़ी की ज़रूरत थी, तो उन्होंने नंबर तीन पर उतरकर जिम्मेदारी निभाई और टीम को आसान जीत दिलाई। उनके इस शानदार प्रदर्शन की खूब सराहना हो रही है।
अगर अंक तालिका की बात करें तो ट्रेंट रॉकेट्स का प्रदर्शन इस सीज़न में शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 5 मैच खेले हैं, जिनमें से 4 में जीत दर्ज की है और सिर्फ एक में हार मिली है। 16 अंकों के साथ टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। वहीं मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की स्थिति काफी खराब है। 6 मैचों में सिर्फ 2 जीत और 4 हार के साथ वे 8 अंकों पर छठे स्थान पर हैं। इस समय अंक तालिका में शीर्ष पर ओवल इनविंसिबल्स की टीम 16 अंकों के साथ काबिज है।