व्यापार
Stock Market: जापान-अमेरिका डील से बाजार में उछाल, निवेशकों की बल्ले-बल्ले
Stock Market: बुधवार सुबह घरेलू शेयर बाजार ने शानदार शुरुआत की। बीएसई सेंसेक्स 213.81 अंकों की तेजी के साथ 82,400.62 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 64.65 अंकों की बढ़त के साथ 25,125.55 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती ट्रेडिंग में भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, श्रीराम फाइनेंस और जिओ फाइनेंशियल के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली।
गिरावट वाले शेयरों की सूची
हालांकि बाजार की इस तेजी के बीच कुछ शेयरों में गिरावट भी देखने को मिली। ओएनजीसी, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा स्टील, टाटा कंज्यूमर और सिप्ला के शेयर शुरुआती कारोबार में कमजोर नजर आए। कुल मिलाकर करीब 160 शेयरों में तेजी रही, 71 शेयरों में गिरावट और 22 शेयर स्थिर रहे। इससे साफ है कि बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट बना हुआ है लेकिन सेक्टोरल मूवमेंट भी देखने को मिल रहा है।
अमेरिकी बाजार से मिले मजबूत संकेत
Geojit Investments के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के अनुसार, अमेरिका के एसएंडपी 500 इंडेक्स ने 2025 में 11वीं बार नया रिकॉर्ड बनाया है। यह संकेत है कि ग्लोबल इक्विटी मार्केट मजबूती की दिशा में बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाजार अब वैल्यूएशन की चिंता छोड़ चुका है और निवेशकों का भरोसा लगातार बना हुआ है।
एशियाई बाजारों में दिखा जोश
एशियाई शेयर बाजारों में भी बुधवार को तेजी का माहौल रहा। जापान के निक्केई 225 इंडेक्स में 3% से ज्यादा की उछाल आई। इसका कारण है अमेरिका और जापान के बीच हुई ट्रेड डील। इस समझौते के तहत जापान से आयात होने वाले ज्यादातर उत्पादों पर अब 15% शुल्क लगेगा जबकि पहले ट्रंप प्रशासन इन्हें 25% करने की बात कर रहा था। इससे निवेशकों को बड़ी राहत मिली है।
बाजार में स्थिरता की उम्मीद
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और जापान के बीच हुआ यह व्यापार समझौता वैश्विक निवेशकों में भरोसा वापस ला रहा है। इससे आने वाले समय में बाजारों में स्थिरता देखने को मिल सकती है। चीन, हांगकांग, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया के बाजारों में भी तेजी का असर साफ दिखा। इससे भारतीय बाजारों को भी मजबूती मिली है।