मनोरंजन

कानूनी पचड़े में फंसे सोनू निगम, कन्नड़ गाने की मांग को आतंकी हमले से जोड़ना पड़ा भारी

Published

on

मशहूर सिंगर सोनू निगम एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला उनके एक बयान से जुड़ा है, जिसे उन्होंने बेंगलुरु के एक कॉलेज में कॉन्सर्ट के दौरान दिया। सोनू के इस बयान से कन्नड़ समुदाय आहत है और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

क्या है पूरा मामला?

25 अप्रैल 2025 को सोनू निगम बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में एक कॉन्सर्ट के लिए पहुंचे थे। इस दौरान एक फैन ने उनसे लगातार कन्नड़ भाषा में गाना गाने की मांग की। बताया जा रहा है कि उस फैन का व्यवहार आक्रामक था। सोनू निगम ने उस फैन की मांग को ठुकरा दिया और फिर मंच से एक टिप्पणी कर दी, जिससे विवाद गहरा गया।

सोनू निगम का विवादित बयान

सोनू निगम ने कहा, “यही कारण है, पहलगाम में जो हुआ था ना. यही कारण है जो तुम कर रहे हो, जो अभी किया था. देखो तो सामने कौन खड़ा है।” उनके इस बयान को कन्नड़ समर्थक संगठनों ने गंभीरता से लिया और इसे कन्नड़ समुदाय का अपमान करार दिया। कर्नाटक रक्षण वेदिके (KRV) नामक संगठन ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की है। संगठन ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर उठी विरोध की आवाज

सोनू निगम के इस बयान पर सोशल मीडिया में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई यूज़र्स ने पूछा है कि कन्नड़ गाने की मांग का आतंकी हमले से क्या लेना-देना है। कुछ लोगों ने इसे गैर-ज़रूरी और असंवेदनशील टिप्पणी बताया है। वहीं कुछ लोग सोनू निगम के पक्ष में भी दिखे, जिन्होंने कहा कि उन्होंने मंच पर अपने आत्मसम्मान की रक्षा की।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कलाकारों को मंच पर कैसे और कितना संयम रखना चाहिए। सोनू निगम जैसे बड़े कलाकार के लिए यह विवाद उनकी सार्वजनिक छवि पर असर डाल सकता है। हालांकि अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और सोनू निगम इस पर क्या सफाई देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Copyright © 2025 India365 News | All Rights Reserved