देश
Sharmistha Panoli Case: शर्मिष्ठा को फंसाने वाले वजाहत पर खुद टूटी कानूनी गाज असम पुलिस ने कसा शिकंजा
Sharmistha Panoli Case: सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली के मामले को लेकर असम और बंगाल आमने सामने आ गए हैं। असम पुलिस की एक टीम कोलकाता पहुंच रही है ताकि वजाहत खान को हिरासत में लिया जा सके। वजाहत ने शर्मिष्ठा पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया था।
गिरफ्तारी के बाद अब वजाहत पर भी सवाल
वजाहत खान ने गार्डन रीच थाने में शिकायत दर्ज कराई थी जिसके आधार पर शर्मिष्ठा को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया था। अब खुद वजाहत पर भी धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप लग रहे हैं। असम के पानबाजार साइबर क्राइम थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
असम के मुख्यमंत्री का हस्तक्षेप
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने खुद इस मामले में दखल दिया है। उन्होंने घोषणा की कि असम पुलिस वजाहत खान को हिरासत में लेने बंगाल जाएगी। उन्होंने बंगाल सरकार से सहयोग की मांग की है ताकि कार्रवाई में कोई बाधा न आए।
कोलकाता पुलिस भी कर रही है तलाश
कोलकाता पुलिस के साइबर क्राइम थाने में भी वजाहत के खिलाफ धार्मिक भावना भड़काने की शिकायत दर्ज है। पुलिस के अनुसार वजाहत खान अपने घर से लापता है और फिलहाल फरार चल रहा है। उसके सोशल मीडिया पोस्ट लगातार वायरल हो रहे हैं जो समुदायों के बीच तनाव पैदा कर सकते हैं।
विवादों में घिरे वजाहत की पहचान
वजाहत खान कोलकाता स्थित राशिदी फाउंडेशन के को-फाउंडर हैं। उनके खिलाफ दिल्ली और गुवाहाटी जैसे शहरों में भी शिकायतें दर्ज की गई हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने हिंदू देवी देवताओं और त्योहारों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं जिससे धार्मिक समूहों में दुश्मनी को बढ़ावा मिला।