टेक्नॉलॉजी
AI का साया! कैसे North Korea के हैकर्स ChatGPT से South Korea पर कर रहे साइबर हमला
हाल ही में साइबर सुरक्षा कंपनी Genians ने खुलासा किया है कि उत्तर कोरिया के हैकर्स ने AI टूल ChatGPT का इस्तेमाल कर दक्षिण कोरिया पर साइबर हमला किया। हैकर्स ने सबसे पहले दक्षिण कोरियाई सेना का एक नकली आईडी कार्ड तैयार किया और इसे फिशिंग हमले में इस्तेमाल किया। इस आईडी कार्ड की मदद से भेजे गए ईमेल इतने असली लग रहे थे कि इसे पकड़ना बहुत मुश्किल था।
Kimsuky समूह का हाथ
इस हमले के पीछे उत्तर कोरिया का कुख्यात हैकर समूह Kimsuky माना जा रहा है। इस समूह का मुख्य काम साइबर जासूसी और संवेदनशील डेटा चोरी करना है। शोधकर्ताओं के अनुसार, हैकर्स ने फिशिंग ईमेल की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए दक्षिण कोरियाई सेना के आईडी का डीपफेक ड्राफ्ट तैयार किया।
फिशिंग ईमेल में AI इमेज का इस्तेमाल
हैकर्स ने ईमेल में ऐसे AI-जनित इमेजेस शामिल किए, जो देखने में पूरी तरह असली लग रहे थे। इन इमेजेस के माध्यम से मालवेयर को इंस्टॉल करने का प्रयास किया गया। जैसे ही यह मालवेयर किसी डिवाइस में इंस्टॉल होता, हैकर्स उस डिवाइस का पूरा डेटा चुरा लेते। इस तरह का हमला उच्च स्तरीय तकनीक और AI के गलत इस्तेमाल का उदाहरण है।
खतरा बढ़ा डिजिटल दुनिया में
AI के सही इस्तेमाल के फायदे तो सभी जानते हैं, लेकिन इसका दुरुपयोग गंभीर खतरे पैदा कर सकता है। इस घटना ने दिखाया कि कैसे AI का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा डेटा चोरी, जासूसी और फिशिंग हमलों के लिए किया जा सकता है। सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारी और निजी संस्थानों को इस तरह के हमलों से बचने के लिए और भी मजबूत सुरक्षा उपाय करने होंगे।
भविष्य में खतरे और सावधानी
जैसे-जैसे AI और तकनीक में सुधार होगा, साइबर अपराधियों के हथियार भी अधिक खतरनाक होंगे। इस वजह से डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना और एंटी-मैलवेयर, फिशिंग प्रिवेंशन और साइबर सुरक्षा के उपाय अपनाना जरूरी है। विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को फेक ईमेल और AI-जनित फर्जी डॉक्यूमेंट से सावधान रहना होगा।