मनोरंजन

Sanvika: आउटसाइडर होने का दर्द! रिंकी की सच्चाई ने खोल दी इंडस्ट्री की परतें

Published

on

Sanvika: पंचायत सीरीज की रिंकी यानी अभिनेत्री संविका ने हाल ही में एक भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर की है जिसने सबका ध्यान खींचा है। इस पोस्ट में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में एक बाहरी व्यक्ति होने के दर्द को बयां किया है। उन्होंने लिखा कि काश उनका भी कोई फिल्मी बैकग्राउंड होता या वो किसी पावरफुल परिवार से होती तो शायद उनका सफर थोड़ा आसान होता। उन्होंने यह भी कहा कि बाहरी लोगों को सम्मान और बराबरी के हक के लिए भी लड़ाई लड़नी पड़ती है।

इंस्टाग्राम स्टोरी में छिपा दर्द

संविका ने अपनी इंस्टा स्टोरी में लिखा कि कभी-कभी लगता है काश मैं कोई इनसाइडर होती या बहुत पावरफुल बैकग्राउंड से आती तो शायद चीजें आसान होतीं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बाहरी होने के नाते उन्हें बहुत सारी बेसिक लड़ाइयाँ लड़नी पड़ीं जैसे कि सिर्फ बराबरी का सम्मान मिलना। उन्होंने अंत में लिखा “Stay Strong” यानी मजबूत रहो जिससे साफ पता चलता है कि वो फिलहाल किसी इमोशनल दौर से गुजर रही हैं।

संविका की असली पहचान

संविका का असली नाम बहुत लोगों को नहीं पता लेकिन पंचायत में रिंकी के रोल ने उन्हें एकदम लोकप्रिय बना दिया। वे सीरीज में प्रधान जी और मंजू देवी की बेटी के किरदार में नजर आती हैं। असल जिंदगी में संविका मध्यप्रदेश के जबलपुर की रहने वाली हैं और उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। लेकिन उन्हें कभी भी ऑफिस में बैठकर नौकरी करना पसंद नहीं था।

मुंबई का संघर्ष और पहला ब्रेक

संविका ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्होंने एक्टिंग करने का फैसला किया तो उन्होंने अपने पेरेंट्स से कहा कि वे बेंगलुरु में जॉब के लिए जा रही हैं जबकि असल में वे मुंबई आ गई थीं। मुंबई में उन्हें कई रिजेक्शन झेलने पड़े लेकिन फिर उन्हें एक आउटफिट असिस्टेंट डायरेक्टर की नौकरी मिली। इसके साथ-साथ वे ऑडिशन भी देती रहीं और कुछ हफ्तों बाद उन्हें एक ऐड में काम मिला।

‘रिंकी’ ने बदली जिंदगी

संविका को असली पहचान मिली पंचायत में रिंकी का रोल मिलने से। इस किरदार के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी सराहा गया। इसके बाद उन्होंने कई वेब शो किए जिनमें ‘लखन लीला भार्गव’ और ‘हजामत’ जैसे शो शामिल हैं जिनमें रवि दुबे भी नजर आए। अब वो पंचायत सीजन 4 के लिए तैयार हैं जो 24 जून को अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज़ होगा। संविका ने भले ही एक लंबा सफर तय किया हो लेकिन उनका ये जज्बा हर उस लड़की को हिम्मत देता है जो अपने सपनों को सच करना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Copyright © 2025 India365 News | All Rights Reserved