मनोरंजन
राजपाल यादव तिहाड़ जेल पहुंचे, आर्थिक तंगी और कानूनी परेशानी ने बढ़ाई मुश्किलें
बॉलीवुड के चर्चित कॉमिक एक्टर राजपाल यादव इस वक्त तिहाड़ जेल में हैं। चेक बाउंस और कर्ज न चुका पाने के कारण उन्हें कोर्ट ने छह महीने की सजा सुनाई। लंबे समय से आर्थिक तंगी और कानूनी परेशानियों से जूझ रहे अभिनेता ने कोर्ट से कुछ और समय मांगा, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई। ऐसे में उन्होंने खुद तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। जब उनसे पूछा गया कि जेल जाने की बजाय पैसे क्यों नहीं चुकाते, तो उनका जवाब था कि उनके पास पैसे नहीं हैं और न ही कोई मदद करने वाला है।
राजपाल यादव के इमोशनल बयान ने सबको किया भावुक
तिहाड़ जेल में सरेंडर करने से पहले राजपाल यादव का इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी आर्थिक तंगी और अकेलेपन का दर्द बयां किया। अभिनेता ने कहा, ‘सर, मेरे पास पैसे नहीं हैं। कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा।’ उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल वक्त में इंडस्ट्री के कई लोग भी अकेले पड़ जाते हैं। अपने करीबी दोस्तों और निर्देशकों से मदद न लेने के सवाल पर राजपाल ने साफ कहा, ‘हमें इस मुश्किल का सामना खुद ही करना होगा।’ यह बयान फिल्म इंडस्ट्री के उस कड़वे सच की ओर इशारा करता है, जहां कठिनाइयों में कलाकार अक्सर अकेले पड़ जाते हैं।
कानूनी जटिलताओं की शुरुआत और बढ़ती मुश्किलें
राजपाल यादव की कानूनी परेशानियों की शुरुआत साल 2010 में हुई। उन्होंने अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए ₹5 करोड़ का लोन लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही और लोन चुकाने में कठिनाई आई। इसके बाद मामला कोर्ट तक पहुंचा। अप्रैल 2018 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी ठहराया। शिकायतकर्ता को दिए गए सात चेक बाउंस होने के कारण अभिनेता को छह महीने की जेल की सजा सुनाई गई। बाद में सेशन कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट में भी उनकी राहत सीमित ही रही।
सजा और तिहाड़ में सरेंडर
अक्टूबर 2025 तक राजपाल यादव ने ₹75 लाख की रकम दो डिमांड ड्राफ्ट के जरिए जमा की, लेकिन कोर्ट ने पाया कि अधिकांश बकाया अब भी शेष है। 4 फरवरी 2026 को उनकी मोहलत याचिका खारिज कर दी गई। अगले दिन 5 फरवरी 2026 को उन्होंने ₹25 लाख का नया चेक और पेमेंट शेड्यूल पेश किया, लेकिन कोर्ट ने सरेंडर ऑर्डर वापस लेने से इनकार कर दिया। इसी दिन शाम को राजपाल यादव ने अपनी छह महीने की सजा काटने के लिए तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। उनके संघर्ष और आर्थिक तंगी ने फिल्म इंडस्ट्री और फैंस को गहराई से झकझोर दिया है।