देश
Navkar Mantra Diwas पर PM Modi का बड़ा संदेश नौ संकल्पों से बदलेगा भारत का भविष्य
Navkar Mantra Diwas: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ‘नवकार महामंत्र दिवस’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया. उन्होंने वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर नवकार महामंत्र का जाप किया. उन्होंने इसे एक आध्यात्मिक अनुभव बताया और कहा कि वह इसकी शक्ति को आज भी अपने भीतर महसूस कर रहे हैं.
पीएम मोदी ने बताए नौ संकल्प
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लोगों से नौ संकल्प लेने की अपील की. पहला संकल्प पानी बचाने का है. दूसरा है मां को समर्पित एक पेड़ लगाना. तीसरा संकल्प सफाई का है. चौथा है वोकल फॉर लोकल यानी देसी सामान खरीदने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संकल्प.
जीवनशैली और देशभक्ति से जुड़े बाकी संकल्प
पांचवां संकल्प है देश दर्शन यानी अपने देश को जानना और समझना. छठा है प्राकृतिक खेती को अपनाना. सातवां है अपनी जीवनशैली में खेल और सही खानपान लाना. आठवां संकल्प योग और खेल को अपनाने का है. नौवां और आखिरी संकल्प है गरीबों की मदद करना.
विकसित भारत और विरासत की बात
मोदी ने कहा कि उन्होंने लाल किले से भी कहा था कि विकसित भारत का मतलब है तरक्की के साथ अपनी विरासत को भी संभालना. उन्होंने कहा कि भारत अब रुकेगा नहीं ऊंचाइयों को छुएगा लेकिन अपनी जड़ों से कभी नहीं कटेगा. यह मंत्र हमें यही संदेश देता है.
नवकार महामंत्र को बताया नई पीढ़ी के लिए दिशा
पीएम मोदी ने कहा कि नवकार महामंत्र नई पीढ़ी के लिए केवल जाप नहीं बल्कि एक दिशा है. यह कार्यक्रम एकता का प्रतीक बन गया है. उन्होंने अंत में जैन समाज और मुनियों को नमन करते हुए कहा कि यह मंत्र इंसान को भीतर से शुद्ध करता है और उसे मेलजोल की राह दिखाता है.