मनोरंजन

Pahalgam Terror Attack: दीपिका और शोएब की छुट्टियों के बीच घटी बड़ी घटना! आतंकी हमले से पहले पहलगाम में था कपल

Published

on

Pahalgam Terror Attack: जम्मू कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला दिया है। इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकियों ने अचानक पर्यटकों पर हमला कर दिया। दोपहर ढाई बजे के करीब तीन आतंकी वहां पहुंचे और लोगों के पहचान पत्र की जांच करने लगे। इसके बाद उन्होंने अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई और कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं। मारे गए लोगों में दो भारतीय मूल के विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

बॉलीवुड सितारों का फूटा गुस्सा

इस घटना के बाद फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े सितारों में गुस्सा देखने को मिला है। सोनू सूद और अक्षय कुमार जैसे कई बड़े सितारों ने सोशल मीडिया पर इस हमले की कड़ी निंदा की है। सभी ने इस कायराना हरकत पर दुख और गुस्सा जाहिर किया है। सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट्स और ट्वीट्स के ज़रिए सितारे आतंकियों की इस घिनौनी हरकत के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं।

दीपिका और शोएब की सुरक्षा की खबर

टीवी अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ और उनके पति शोएब इब्राहिम उस समय पहलगाम में छुट्टियां मना रहे थे जब यह हमला हुआ। इस खबर ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया। हालांकि हमले के तुरंत बाद शोएब ने एक पोस्ट के ज़रिए बताया कि वे लोग सुरक्षित हैं और कश्मीर से निकलकर दिल्ली पहुंच चुके हैं। शोएब ने लिखा कि आप सभी की चिंता और दुआओं का शुक्रिया जो हमने सही सलामत वापसी की।

फैंस की बढ़ती चिंता

दीपिका और शोएब लगातार पहलगाम से सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें और वीडियोज़ साझा कर रहे थे। उनके फैंस को जैसे ही इस आतंकी हमले की खबर मिली तो सभी बेचैन हो उठे। कई लोगों ने उनके पोस्ट पर कमेंट कर उनके हालचाल के बारे में जानना चाहा। कुछ लोग यह तक पूछने लगे कि वे अब कहां हैं और क्या सुरक्षित हैं।

देशभर में गुस्से की लहर

इस हमले ने सिर्फ घाटी ही नहीं बल्कि पूरे देश में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तक ने इस घटना की तीखी निंदा की है। देशभर से लोग सोशल मीडिया पर आक्रोश जता रहे हैं और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। यह हमला न केवल इंसानियत पर हमला है बल्कि देश की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Copyright © 2025 India365 News | All Rights Reserved