देश
New BJP President: बिहार के मंत्री नितिन नवीन बने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पार्टी में शुरू हुआ नया अध्याय
New BJP President: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का नया कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अब वह जेपी नड्डा के बाद पार्टी की जिम्मेदारियां संभालेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव द्वारा जारी किए गए पत्र में कहा गया, “भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तुरंत प्रभावी होगी।” इस नियुक्ति के साथ ही नितिन नवीन अब पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में अहम भूमिका निभाएंगे और देशभर में बीजेपी की रणनीति और विस्तार में योगदान देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए पोस्ट में कहा, “नितिन नवीन जी ने खुद को बीजेपी के मेहनती कार्यकर्ता के रूप में स्थापित किया है। वह एक युवा, ऊर्जावान और अनुभवी नेता हैं, जिन्होंने बिहार में कई बार विधायक और मंत्री के रूप में जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में निरंतर योगदान दिया है।” प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “उनकी सरलता और जमीनी कार्यशैली उन्हें और प्रभावशाली बनाती है। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और मजबूत बनाएगी। उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”
#WATCH | Patna, Bihar | On Bihar Minister Nitin Nabin appointed as the National Working President of the BJP, Bihar BJP President and Bihar government minister Dilip Jaiswal says, "Today is a very historic day for the BJP that a leader from Bihar has been appointed as the… pic.twitter.com/KgY7UwkkoU
— ANI (@ANI) December 14, 2025
राजनाथ सिंह और बिहार BJP का अभिवादन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बिहार के मंत्री नितिन नवीन को कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “बिहार की धरती के युवा और ऊर्जावान नेता श्री नितिन नवीन को बीजेपी का कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं। वह मेहनती और दूरदर्शी नेता हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में नितिन नवीन पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। बिहार बीजेपी के राज्य अध्यक्ष दिलीप जैसवाल ने भी इस ऐतिहासिक नियुक्ति को बिहार और पार्टी के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा, “आज का दिन बीजेपी के लिए ऐतिहासिक है क्योंकि बिहार से किसी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने का मौका मिला है। पूरे बिहार और बिहार बीजेपी की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई।”
नितिन नवीन कौन हैं?
नितिन नवीन बिहार सरकार में PWD मंत्री हैं और कायस्थ समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। वे बांकिपुर विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक बने हैं। 2006 में उपचुनाव जीतकर उन्होंने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को संभाला। इसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में भी उन्होंने जीत हासिल की। उन्हें पहली बार 9 फरवरी 2021 को नितीश कुमार सरकार के कैबिनेट विस्तार में सड़क निर्माण मंत्री बनने का अवसर मिला। नितिन नवीन युवा और अनुभवी नेता के रूप में संगठनात्मक दक्षता, जनता के साथ जुड़ाव और मजबूत नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनका यह कदम न केवल बिहार के लिए बल्कि पूरे देश में बीजेपी की राजनीति में एक नई दिशा और जोश लेकर आएगा।