टेक्नॉलॉजी
iPhone 17 की भारत में हुई धमाकेदार एंट्री! अब यहीं होगा ट्रायल प्रोडक्शन, चीन को कड़ी टक्कर
Apple का अगला फ्लैगशिप स्मार्टफोन iPhone 17 अब भारत में भी तैयार होने जा रहा है। Foxconn ने इसके लिए चीन से ज़रूरी पार्ट्स भारत भेजने शुरू कर दिए हैं। ये पार्ट्स फिलहाल ट्रायल प्रोडक्शन के लिए मंगवाए गए हैं ताकि जुलाई 2025 में इसका ट्रायल रन शुरू किया जा सके। इसके बाद अगस्त से बड़े पैमाने पर निर्माण होगा।
कौन-कौन से पार्ट्स आए हैं भारत?
कस्टम डाटा के अनुसार, जून महीने में Foxconn ने भारत में जिन पार्ट्स को मंगवाया है उनमें डिस्प्ले असेंबली, कवर ग्लास, मैकेनिकल हाउसिंग और इंटीग्रेटेड रियर कैमरा मॉड्यूल शामिल हैं। फिलहाल सिर्फ 10 प्रतिशत सामान iPhone 17 से जुड़ा है, जबकि बाकी iPhone 14 और 16 के लिए है जो भारत में आने वाले त्योहारों में बिकेंगे।
अब एक साथ भारत और चीन में होगा iPhone 17 का निर्माण
इस बार खास बात यह है कि iPhone 17 का निर्माण भारत और चीन दोनों में एक साथ शुरू होगा। इससे यह साफ है कि भारत अब सिर्फ बाजार नहीं बल्कि Apple की वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग चेन का अहम हिस्सा बन चुका है। iPhone 17 का ग्लोबल लॉन्च सितंबर 2025 में प्रस्तावित है और उससे पहले इसकी भारी मात्रा में मैन्युफैक्चरिंग भारत में भी होगी।
अमेरिका के लिए भारत से होंगे iPhone सप्लाई
डोनाल्ड ट्रंप सरकार के समय अमेरिका ने चीन पर भारी टैरिफ लगाए थे। इसके बाद Apple ने भारत को मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट हब के रूप में विकसित करना शुरू किया। मार्च 2025 तक भारत से अमेरिका भेजे गए iPhones की संख्या में 219% की वृद्धि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, 2026 तक अमेरिका में बिकने वाले अधिकतर iPhone अब भारत से ही भेजे जाएंगे।
भारत की तकनीकी ताकत को मिला Apple का साथ
Apple ने पिछले कुछ वर्षों में भारत और चीन के बीच प्रोडक्शन गैप को काफी हद तक कम किया है। iPhone 14 का निर्माण भारत में चीन से 6 हफ्ते बाद शुरू हुआ था जबकि iPhone 15 लगभग एक साथ बना। iPhone 16 के लिए भारत ने पहली बार New Product Introduction (NPI) प्रक्रिया में भाग लिया था और अब यही प्रक्रिया iPhone 17 में दोहराई जा रही है। इससे भारत की तकनीकी ताकत को और मजबूती मिल रही है।