खेल
India vs England: लीड्स में फिर बजे भारतीय बल्ले, सचिन को याद आया 2002 का करिश्मा!
India vs England: इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाज़ों ने कमाल कर दिया। शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जमाए। वहीं विकेटकीपर ऋषभ पंत भी 65 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत की इस ज़बरदस्त शुरुआत ने ना सिर्फ दर्शकों का दिल जीता बल्कि क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर को भी पुराने लम्हे याद आ गए।
सचिन तेंदुलकर को याद आया 2002 का टेस्ट
मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए भारतीय टीम की तारीफ की। उन्होंने लिखा कि राहुल और जायसवाल की शानदार ओपनिंग साझेदारी ने भारत के लिए अच्छा दिन बना दिया। उन्होंने शुभमन गिल और जायसवाल को शतक के लिए बधाई दी और पंत की भूमिका को भी अहम बताया। इसके साथ ही सचिन को 2002 का लीड्स टेस्ट याद आ गया जिसमें उन्होंने, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ ने शतक लगाए थे।
A solid foundation laid by @klrahul and @ybj_19 enabled India to have a good day. Congratulations to Yashasvi and @ShubmanGill for their brilliant centuries. @RishabhPant17’s contribution was equally important for the team.
India’s batting today reminded me of the Headingley…
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) June 20, 2025
2002 के लीड्स टेस्ट की यादें
2002 में हेडिंग्ले लीड्स में खेले गए उस ऐतिहासिक टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को पस्त कर दिया था। उस मुकाबले में राहुल द्रविड़ ने 148 रन बनाए थे। वहीं सचिन तेंदुलकर ने शानदार 193 रन की पारी खेली थी। कप्तान सौरव गांगुली ने भी 128 रन बनाए थे। इन तीनों की शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत ने पहली पारी में 628 रन बनाए और इंग्लैंड को पारी और 46 रन से हराया था।
क्या दोबारा इतिहास रच पाएगी टीम इंडिया?
अब सवाल ये उठता है कि क्या इस बार भी टीम इंडिया लीड्स में इतिहास दोहरा पाएगी? पहले दिन के खेल में टीम पूरी तरह से हावी रही। जायसवाल 101 रन बनाकर आउट हुए लेकिन कप्तान शुभमन गिल 127 रन बनाकर क्रीज़ पर टिके हैं और पंत भी शतक की ओर बढ़ रहे हैं। अगर अगले चार दिन टीम इंडिया ने गेंदबाज़ी और फील्डिंग में भी शानदार प्रदर्शन किया तो जीत की पूरी संभावना है।
तीसरे शतक का इंतज़ार
सचिन तेंदुलकर के ट्वीट में एक और दिलचस्प बात रही। उन्होंने पूछा कि इस बार तीसरा शतक किसका होगा? जायसवाल और गिल ने तो काम कर दिया है, अब बारी पंत या किसी और बल्लेबाज़ की है। दर्शकों को भी यही उम्मीद है कि पंत इस मौके को हाथ से जाने नहीं देंगे और लीड्स टेस्ट को भी यादगार बना देंगे।