मनोरंजन
IND vs PAK: भारत की जीत पर अमिताभ बच्चन का तंज, मजेदार पोस्ट ने पाकिस्तान फैंस की बोलती कर दी बंद
IND vs PAK: रविवार की रात दुबई में भारतीय क्रिकेट टीम के नाम रही। युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने नाबाद 69 रनों की शानदार पारी खेलकर पाकिस्तान के खिलाफ भारत को 5 विकेट से जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए अपना नौवां एशिया कप खिताब अपने नाम किया। यह जीत न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण रही। सोशल मीडिया पर जीत की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी।
अमिताभ बच्चन का मजेदार ट्वीट
एशिया कप की जीत के बाद सोशल मीडिया पर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने ऐसा ट्वीट किया जिसने सबका ध्यान खींच लिया। उन्होंने लिखा, “टी 5516(i) जीते… शाबाश अभिषेक बच्चन… वहां वह लड़खड़ाए और यहां बिना बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग किए दुश्मन को चुप करा दिया। जय हिंद। जय भारत। जय मां दुर्गा।” यह ट्वीट देखते ही देखते वायरल हो गया और फैंस हंसी से लोटपोट हो गए।
https://twitter.com/SrBachchan/status/1972379513561710998
शोएब अख्तर की बड़ी गलती
अमिताभ बच्चन का यह ट्वीट दरअसल पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर पर तंज था। एशिया कप फाइनल से पहले एक स्पोर्ट्स शो में रणनीति पर चर्चा करते समय शोएब अख्तर ने गलती से भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा की जगह अभिषेक बच्चन का नाम ले लिया। शो के होस्ट ने तुरंत उन्हें टोक दिया। यह मजेदार गलती सोशल मीडिया पर खूब चली और हर कोई इस पर हंसी रोक नहीं पाया।
अभिषेक बच्चन का जवाब
इस मजेदार गलती पर अभिषेक बच्चन भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने शो का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “सर पूरे सम्मान के साथ… लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह ऐसा कर सकते हैं। और वैसे भी मुझे क्रिकेट खेलना नहीं आता।” अभिषेक के इस जवाब ने भी फैंस को खूब गुदगुदाया और माहौल को और हल्का-फुल्का बना दिया।
https://twitter.com/juniorbachchan/status/1971570991936745605
बॉलीवुड सितारों का जश्न
भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर न सिर्फ अमिताभ बच्चन ने ह्यूमर का तड़का लगाया बल्कि कई बॉलीवुड सितारों ने भी अपनी खुशी जाहिर की। सिद्धार्थ मल्होत्रा, प्रीति जिंटा, विवेक ओबेरॉय, विजय देवरकोंडा और अनुपम खेर समेत कई हस्तियों ने टीम इंडिया को सोशल मीडिया पर बधाई दी। हर किसी ने खिलाड़ियों की मेहनत और जज्बे को सलाम किया। इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारत में क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं बल्कि भावना है।