देश

Angel Chakma case में CM धामी ने कहा, दोषियों को राज्य सरकार देगी सख्त सजा

Published

on

Angel Chakma case: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को त्रिपुरा की छात्रा एंजल चक्मा के पिता तरुण चक्मा से फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने छात्रा की हत्या पर गहरी संवेदना व्यक्त की और परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री धामी ने तरुण चक्मा को जानकारी दी कि इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी नेपाल भागने की संभावना है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और उसकी सूचना देने पर इनाम की घोषणा भी की गई है।

दोषियों को मिलेगी सख्त सजा

सीएम धामी ने कहा कि वह इस घटना से व्यक्तिगत रूप से दुखी हैं और परिवार के दर्द को समझते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कठोर सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाओं में कानून के अनुसार त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

घटना से हुआ देशव्यापी शोक

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इस प्रकार का माहौल पहले कभी देखने को नहीं मिला। देश-विदेश से छात्र यहां पढ़ाई के लिए आते हैं, इसलिए यह घटना हम सभी के लिए दुखद है। उन्होंने बताया कि सरकार ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेती है और भविष्य में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त उपाय किए जाएंगे। सीएम धामी ने कहा कि पूरे राज्य में शांति बनाए रखना और न्याय सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

केंद्र और त्रिपुरा सरकार के साथ की गई चर्चा

सीएम धामी ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। इसके अलावा, उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी परिवार को सहायता प्रदान करने के लिए चर्चा करने का निर्णय लिया। उत्तराखंड सरकार परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उन्हें न्याय और आवश्यक सहयोग मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Copyright © 2025 India365 News | All Rights Reserved