देश

IMD Alert: नया साल कड़ाके की ठंड के साथ शुरू, पहाड़ों में बर्फबारी, दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट

Published

on

IMD Alert: नए साल की शुरुआत देशभर में कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के साथ हुई है। पहाड़ी राज्यों में आज भी भारी हिमपात की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक शीत लहर (कोल्ड वेव) का असर देखने को मिलेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा और ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। हालांकि, ठंड के इस कहर के बीच पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेते हुए नजर आ रहे हैं और पहाड़ी इलाकों में रौनक बनी हुई है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ-साथ घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी कोहरे का असर देखने को मिलेगा।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्लीवासियों के लिए आज का दिन ठंड और परेशानी भरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 जनवरी को दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। आज राजधानी में ठंडी हवाएं चलने, आसमान में घने बादल छाए रहने और दिनभर धूप न निकलने की संभावना है। इससे ठंड और ज्यादा महसूस होगी। IMD की ओर से फिलहाल 2 जनवरी के लिए ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, लेकिन 7 जनवरी तक के पूर्वानुमान में बताया गया है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण सुबह और रात के समय लोगों को खासा सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी का अलर्ट

नए साल के आगमन के साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में जोरदार बर्फबारी देखने को मिल रही है। जम्मू, उत्तराखंड और हिमाचल की घाटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक चुकी हैं। चंबा, मनाली, भद्रवाह और गुलमर्ग जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पूरी तरह से बर्फ से ढके हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज भी इन पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। बर्फबारी के कारण जहां एक ओर पर्यटक उत्साहित हैं, वहीं दूसरी ओर सड़क यातायात और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

पंजाब से ओडिशा तक कोहरे का कहर, उत्तराखंड में भी अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 5 से 7 दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में सुबह और रात के समय बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। उत्तर प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में ठंड और कोहरे का दोहरा असर देखने को मिलेगा। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है। वहीं, राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है, जहां सुबह और रात की ठंड लोगों को खासा परेशान कर सकती है। उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान और गिर सकता है। ऐसे में यात्रियों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Copyright © 2025 India365 News | All Rights Reserved