टेक्नॉलॉजी
Google की चेतावनी! फर्जी ऐप्स से हो सकता है भारी नुकसान, जानें कैसे बचाएं अपने डेटा को हैकर्स से
Google की थ्रेट इंटेलिजेंस ग्रुप ने एक नए हैकर्स ग्रुप UNC6040 का पता लगाया है जो नकली बिजनेस ऐप्स के जरिए लोगों का डेटा चुराते हैं। ये हैकर्स खासतौर पर नकली Salesforce ऐप्स के जरिये यूरोप और अमेरिका के यूजर्स के बैंक अकाउंट्स में सेंध लगाते हैं।
नकली Salesforce डेटा लोडर ऐप से हो रहा डेटा चोरी
Salesforce एक क्लाउड बिजनेस सर्विस है जो बड़ी कंपनियों के यूजर्स का डेटा संभालती है। गूगल की रिपोर्ट के अनुसार हैकर्स नकली Salesforce डेटा लोडर ऐप के जरिए यूजर्स की जानकारी जुटाते हैं और इसका इस्तेमाल फ्रॉड करने में करते हैं। साथ ही ये हैकर्स वॉइस कॉल का भी सहारा लेते हैं ताकि नकली ऐप की सेटअप पेज की मंजूरी मिल सके।
गूगल की यूजर्स को चेतावनी
गूगल ने यूजर्स को इस तरह की कॉल्स और नकली ऐप्स को डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी है। अगर कोई कर्मचारी अपने डिवाइस पर इस ऐप को इंस्टॉल करता है तो हैकर्स को Salesforce से जुड़ी कई संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच मिल जाती है। इसके जरिए वे क्लाउड सर्वर पर भी हमला कर सकते हैं।
सोशल इंजीनियरिंग के जरिए हो रही है चोरी
रिपोर्ट में कहा गया है कि हैकर्स अब सोशल इंजीनियरिंग के जरिये लोगों से व्यक्तिगत जानकारियां निकाल रहे हैं। वे पहले कॉल करते हैं और अपने फरेब के जाल में फंसाकर महत्वपूर्ण जानकारी ले लेते हैं। बड़ी टेक कंपनियों के कर्मचारी भी इस जाल में फंस जाते हैं और हैकर्स को डेटा दे देते हैं।
सावधानी ही बचाएगी आपको फ्रॉड से
अज्ञात नंबर से आने वाली कॉल्स को अनदेखा करें और अपनी निजी जानकारियां किसी से साझा न करें। मेल या मैसेज में आए लिंक न खोलें और किसी भी झांसे में न आएं जो त्वरित लाभ का वादा करे। साइबर अपराध आमतौर पर छोटी गलतियों से होते हैं इसलिए सतर्कता से ही इन्हें टाला जा सकता है।