टेक्नॉलॉजी
Gmail Unsubscribe Scam: Unsubscribe बटन से हो सकती है आपकी जासूसी! क्लिक किया तो शुरू हो जाएगा खतरा
Gmail Unsubscribe Scam: अब ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले स्कैमर्स नए-नए तरीके ढूंढ रहे हैं ताकि आपकी जानकारी चुराई जा सके या आपके डिवाइस को नुकसान पहुंचाया जा सके। आजकल लोगों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गया है एक ऐसा स्कैम जो दिखता तो साधारण है लेकिन इसके पीछे की साजिश काफी गहरी है। हर दिन Gmail में ढेर सारे प्रमोशनल ईमेल, फेक जॉब ऑफर और फीडबैक रिक्वेस्ट आ जाते हैं। इन सबसे बचने के लिए हम अक्सर ईमेल में दिए गए “Unsubscribe” बटन पर क्लिक कर देते हैं। लेकिन अब यही बटन स्कैमर्स का नया हथियार बन गया है जिससे वे लोगों को फंसा रहे हैं।
क्लिक किया तो स्कैमर्स को मिल जाती है जानकारी
The Wall Street Journal की रिपोर्ट में बताया गया है कि जो Unsubscribe लिंक आप ईमेल में देखते हैं वो जरूरी नहीं कि असली हो। स्कैमर्स इस लिंक के जरिए ये पता लगाते हैं कि ईमेल आईडी एक्टिव है या नहीं। जैसे ही आप इस लिंक पर क्लिक करते हैं, स्कैमर को पता चल जाता है कि यह अकाउंट चल रहा है और इसके बाद वो अगला हमला करने की तैयारी शुरू कर देते हैं। अगर आप अनजान भेजने वाले की मेल में जाकर Unsubscribe लिंक पर क्लिक करते हैं तो इससे स्कैमर्स को आपके फोन, लैपटॉप या किसी भी डिवाइस तक पहुंचने का रास्ता मिल सकता है।
ट्रैकिंग कोड से होती है जासूसी
साइबर एक्सपर्ट्स ने बताया है कि स्कैमर्स इन Unsubscribe लिंक में ट्रैकिंग कोड डाल देते हैं। जैसे ही कोई यूजर इस लिंक पर क्लिक करता है तो वो कोड एक्टिवेट हो जाता है और स्कैमर को जानकारी मिल जाती है कि ये अकाउंट चालू है। DNSFilter नाम की साइबर सिक्योरिटी फर्म ने विश्लेषण किया है कि हर 644 Unsubscribe लिंक में से एक लिंक यूजर को ऐसी वेबसाइट पर ले जाता है जो नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे लिंक से आपका ईमेल पासवर्ड भी चोरी हो सकता है या फिर वायरस से डिवाइस संक्रमित हो सकती है।
कैसे रखें खुद को सुरक्षित
अगर आपको किसी अनजान भेजने वाले की मेल मिलती है तो उसमें दिए गए Unsubscribe लिंक पर बिल्कुल भी क्लिक न करें। इसकी जगह आप उस ईमेल को स्पैम मार्क कर दें ताकि Gmail भविष्य में ऐसे मेल को खुद-ब-खुद फिल्टर कर सके। जब तक आपको भेजने वाले पर पूरा भरोसा न हो, Unsubscribe लिंक से दूर रहें। इसके अलावा, आप Hide My Email जैसे प्राइवेसी टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं जिससे आपकी असली ईमेल आईडी छिपी रहती है और फर्जी मेल से आपकी पहचान सुरक्षित रहती है। साथ ही, अपने ईमेल ऐप और एंटीवायरस सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें ताकि आप ऐसे खतरों से बच सकें।