व्यापार
EPFO अपडेट, कर्मचारियों को मिली 8.25% ब्याज की सौगात, जानिए पूरी प्रक्रिया
कर्मचारियों भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 8.25% ब्याज की राशि खातों में ट्रांसफर कर दी है। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 97% कर्मचारियों के खातों में यह राशि 8 जुलाई तक भेज दी गई है। यह कदम कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि पिछले साल यह प्रक्रिया अगस्त से दिसंबर तक चली थी।
33.56 करोड़ खातों में से 32.39 करोड़ में हुआ भुगतान
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस साल 13.88 लाख कंपनियों के 33.56 करोड़ खातों को अपडेट किया गया, जिसमें से 13.86 लाख कंपनियों के 32.39 करोड़ खातों में सफलतापूर्वक ब्याज राशि ट्रांसफर कर दी गई है। यह दर्शाता है कि EPFO ने लगभग सभी कर्मचारियों को समय पर उनका लाभ पहुंचा दिया है।
प्रक्रिया में किया गया बड़ा बदलाव, जून में ही पूरी कर दी गई कार्यवाही
इस बार EPFO ने ब्याज अदायगी की प्रक्रिया में तकनीकी बदलाव किए, जिससे यह पूरी प्रक्रिया जून के अंत तक ही पूरी कर दी गई। पहले की तुलना में इस बार की रफ्तार काफी तेज रही। 6 जून 2025 की रात से वार्षिक खातों का अपडेट शुरू किया गया था और एक महीने के भीतर अधिकांश खातों में ब्याज जमा कर दिया गया।
बचे हुए खातों का काम इस सप्ताह तक होगा पूरा
मंत्री ने जानकारी दी कि शेष बचे 0.1% कंपनियों और 3.49% कर्मचारियों के खातों को अपडेट करने का कार्य इस सप्ताह के अंत तक पूरा कर दिया जाएगा। यह भरोसा जताया गया है कि कोई भी कर्मचारी बिना ब्याज के नहीं रहेगा और सभी को समय पर लाभ मिलेगा।
सरकार का दावा: ट्रांसपेरेंसी और टेक्नोलॉजी से बदली प्रक्रिया की दिशा
मनसुख मांडविया ने कहा कि यह EPFO में पारदर्शिता और तकनीकी विकास का नतीजा है कि करोड़ों कर्मचारियों को अब समय से पहले उनका हक मिल रहा है। सरकार की ओर से यह भी कहा गया कि आने वाले वर्षों में इस प्रक्रिया को और बेहतर किया जाएगा ताकि हर कर्मचारी को बिना किसी परेशानी के समय पर लाभ मिल सके।