खेल
England vs India: लॉर्ड्स टेस्ट में भारत से जीत के बावजूद इंग्लैंड को बड़ा झटका, ICC ने काटे WTC अंक
England vs India: इंग्लैंड ने भारत को लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रनों से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त तो बना ली लेकिन यह जीत उनके लिए महंगी साबित हुई। आईसीसी ने इंग्लैंड पर धीमी ओवर गति के चलते 10 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया है। साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका में उसके दो अंक भी काट लिए गए हैं।
श्रीलंका को मिला फायदा, इंग्लैंड की रैंकिंग में गिरावट
इंग्लैंड की WTC प्वाइंट्स अब 24 से घटकर 22 हो गई हैं जिससे उसका प्वाइंट प्रतिशत (PCT) 66.67% से घटकर 61.11% हो गया। इस गिरावट का सीधा फायदा श्रीलंका को हुआ जिसने इंग्लैंड को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया। वहीं ऑस्ट्रेलिया अब भी 100 प्रतिशत PCT के साथ शीर्ष पर बना हुआ है और भारत चौथे स्थान पर है।
https://twitter.com/ICC/status/1945364352845955139
दो ओवर कम फेंकना पड़ा भारी, जुर्माना और कटौती दोनों
मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने यह जुर्माना इसलिए लगाया क्योंकि इंग्लैंड की टीम निर्धारित समय सीमा के अनुसार दो ओवर कम फेंक पाई। ICC के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार हर ओवर कम करने पर खिलाड़ियों की मैच फीस से 5 प्रतिशत की कटौती होती है। साथ ही WTC अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार हर ओवर की कमी पर एक अंक काटा जाता है।
कप्तान बेन स्टोक्स ने स्वीकार की गलती, नहीं हुई सुनवाई
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने इस गलती को स्वीकार कर लिया और ICC द्वारा दी गई सज़ा को भी मान लिया। इसी वजह से किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि यह इंग्लैंड के लिए चिंता का विषय है क्योंकि पिछली WTC साइकिल में भी इसी गलती के कारण उन्हें 26 अंक गंवाने पड़े थे।
भविष्य में हो सकता है और नुकसान, इंग्लैंड को सतर्क रहने की जरूरत
यह इंग्लैंड के लिए चेतावनी है कि यदि उन्होंने अपनी ओवर गति की गलती को सुधारा नहीं, तो आने वाले मैचों में उन्हें और भी अंक गंवाने पड़ सकते हैं। इससे न केवल उनकी रैंकिंग पर असर पड़ेगा बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह बनाना भी मुश्किल हो सकता है।